बड़ागांव के पास पेट्रोल पंप पर लूट की साजिश रच रहे 3 बदमाश को पकड़ा, 2 भागे
ग्वालियर. पेट्रोल पंप को लूटने की साजिश रच रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने सिद्ध बाबा मंदिर के पास बड़ागांव से पकड़ा है, इनके दो साथी भाग गए। पुलिस को बदमाशों की तलाश में उनके पास से दो अधिया, एक कट्टा सहित तीन बाइक भी मिली है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पकड़े गए बदमाश बड़ागांव पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
दो बदमाश भाग गए
ग्वालियर के मुरार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदेही बदमाश वारदात को अंजाम देने सिद्ध बाबा मंदिर के पास बड़ागांव में इकट्ठे हुए। इस पर अफसरों ने टीम गठित कर आरोपियों को दबोचने के लिए रवाना किया, जैसे ही पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगे और पीछा कर पुलिस जवानों ने तीन बदमाशों को दबोच लिया और दो बदमाश भाग गए। आरोपी पुष्पेन्द्र पुत्र हरिसिंह निवासी मालनपुर, धर्मवीर पुत्र बालकिशन निवासी भिण्ड, अर्जुन जाटव पुत्र रामकुमार निवासी निहरीराम का पुरा भांड बताया साथ ही, भीमा जाटव पुत्र रामकुमार जाटव निवासी भिंड और अजय रजक पुत्र रामभरोसे निवासी डीडी नगर बताया है। पुलिस को बदमाशों की तलाशी में उनके पास से दो अधिया, एक कट्टा और 10 कारतूस व तीन बाइक बरामद हुई है।
बदमाशों पर कई केस दर्ज
पता चला है कि पकड़े गए पुष्पेन्द्र पर एक दर्जन के करीब मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास के साथ ही लूट व चोरी के मामले हैं। वहीं, पकड़े गए अर्जुन व धर्मवीर पर भी चार-चार मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी भीमा का एनएसए हुआ है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह बड़ागांव पेट्रोल पंप पर लूट करने आए थे।

