फूलबाग से सेवानगर रोड पर फिर से शुरू हुई तोड़फोड़
ग्वालियर. फूलबाग से लेकर सेवानगर की रोड पर प्रशासन ने मंगलवार को फिर से तोड़फोड़ शुरू कर दी। हालांकि प्रशासन व नगरनिगम ने लोगों को अपने भवनों को तोड़ने के लिए मोहलत दी थी। लेकिन मोहलत की अवधि खत्म हो गई। इसके बाद नगरनिगम का मदाखलत अमला जेसीबी सहित अन्य मशीने लेकर तोड़फोड़ करने पहुंच गए। साथ ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
फूलबाग से सेवा नगर, लोहा मंडी, किला गेट होते हुए हजीरा चौराहे तक 11.78 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जाने वाली सड़क के निर्माण में देरी के चलते पहले ही प्रशासन लोगों को मोहलत देने के मूड में नजर नहीं आ रहा था। यही कारण है कि सेवा नगर से लेकर हजीरा चौराहे तक जो मकान अभी तक नहीं तोड़े गए थे, उन्हें निगम का अमला मंगलवार को तोड़ेगा। यहां 20 से 22 ऐसे मकान हैं, जो लोगों ने खाली कर दिए हैं लेकिन उन्हें तोड़ा नहीं जा रहा है। इसके अलावा किला गेट से लेकर हजीरा चौराहे तक जिन 37 संपत्तियों पर नगर निगम ने लाल निशान लगाए थे, उन्हें भी तोड़ने में देरी हो रही है। निगम अधिकारियों का कहना है कि अब लोगों को और मोहलत नहीं दी जाएगी।
रविवार को एसडीएम प्रदीप तोमर के साथ निगम अधिकारियों ने फ्लैग मार्च कर यह जायजा लिया था कि कितने लोगों ने अपने मकान तोड़ लिए हैं और कितने लोग अब भी खुद तोड़फोड़ से बच रहे हैं। हालांकि रविवार को तय किया गया था कि लोगों को दो और दिन की मोहलत दे दी जाए, लेकिन सोमवार को निर्णय लिया गया कि अब और समय देने के बजाय निगम का अमला स्वयं कार्रवाई करने के लिए पहुंचे। तोड़फोड़ के दौरान विरोध की स्थिति उत्पन्न न हो, इसको देखते हुए सीएसपी रवि भदौरिया को पुलिस बल के साथ मौजूद रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा भवन अधिकारियों सहित मदाखलत अमले को भी तैयारी रखने की सूचना दे दी गई है।

