प्रीतम लोधी पर OBC महासभा में घमासान, राष्ट्रीय सचिव ने जारी किया प्रीतम के निष्कासन का पत्र
भोपाल. कथावाचकों पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद बीजेपी से निष्कासित किए गए नेता प्रीतम लोधी इन दिनों ओबीसी महासभा के साथ मिलकर वे तमाम राजनैतिक संगठनों को एक मंच पर लाकर अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रीतम लोधी को ओबीसी महासभा से निष्कासित करने का एक पत्र सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इस पत्र के सामने आने के बाद ओबीसी महासभा में घमासान मच गया है। महासभा के राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी इंजीनियर दिनेश कुमार के नाम से प्रीतम के निष्कासन आदेश जारी हुआ। ओबीसी महासभा ने जारी लेटर में लिखा है कि ओबीसी महासभा (रजि.) राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्यों के निर्देशानुसार ओबीसी महासभा मध्यप्रदेश इकाई के वरिष्ठ सदस्य प्रीतम सिंह लोधी को गैर- संघठन विरोधी और अनुशासनात्मक हीनता पूर्ण कृत्य एवं राजनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।
इस पत्र के सामने आने के बाद ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू लोधी ने कहा कि ये सब ओबीसी महासभा को तोड़ने के लिए षड़यंत्र किया जा रहा है। प्रीतम लोधी पर प्रदेश इकाई ने कोई कार्रवाई नहीं की है। आने वाले समय में ओबीसी महासभा, दलित, आदिवासी और मुस्लिम राजनैतिक संगठनों के साथ बैठक कर अगले विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने वाला है इसे विफल करने के लिए ये साजिशें की जा रहीं हैं। जब प्रीतम लोधी मप्र राज्य इकाई में हैं तो कार्रवाई करने का अधिकार भी राज्य इकाई को है।

