प्रीतमसिंह लोधी भाजपा से किया निष्कासित
भोपाल. ब्राहम्णों पर विवादित बयान देने वाले भारतीय जनता पार्टी नेता प्रीतम लोधी पर भाजपा ने बड़ा एक्शन लिया है। भाजपा नेता प्रीतम लोधी को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। आपको बता दें कि पहले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रीतम लोधी को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन स्पष्टीकरण से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा संतुष्ट नहीं हुए। जिसके बाद भाजपा संगठन ने यह फैसला लिया है।
भाजपा संगठन स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं था
आपको बता दें कि भाजपा नेता और शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से विधायक पद के पूर्व प्रत्याशी प्रीतम सिंह लोधी ने ब्राहम्ण समाज पर विवादित टिप्पणी की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद भाजपा ने प्रीतम सिंह लोधी को आज प्रदेश कार्यालय में तलब किया। क्योंकि प्रीतम सिंह लोधी के बयान के खिलाफ ब्राहम्ण समाज में भी नाराजगी थी।
क्या है मामला
17 अगस्त को बदरवास के खरैह गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रीतम लोधी ने ब्राह्मणों को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। वीडियो में सुनाई दे रहा है कि प्रीतम लोधी कह रहे हैं कि “पंडित 7-8 घंटे आपको पागल बनाएगा. हम पागल बनते भी हैं. वह कहते हैं कि जितना दान दोगे, ऊपर वाला आपको देगा. घर की महिलाएं घी, शक्कर, दालें भी पंडित को दे आएंगी. अपने बच्चे को नहीं खिलाएंगी । प्रीतम लोधी ने ये भी कहा कि पंडित घर की सुंदर महिलाओं पर भी बुरी नजर रखते हैं.।”

