पुलिस तमाशा देख रही थी लात-घूसे चलते रहे, वीडियो वायरल होने के बाद किया मामला दर्ज
दतिया. डीपार थाने के इलाके में जमीन विवाद में शनिवार को मंगरोल गांव में चाचा-भतीजे के बीच झगड़ा हो गया और वही मारपीट में बदल गया। खेत की नपाई के दौरान पहले मामला शांत दिखा। लेकिन जैसे ही आरआई और पटवारी मौके पर गये। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसों चले। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी सब कुछ होते हुए देखते रहे। लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
पुलिस ने नहीं किया बीच-बचाव
झगड़े का वीडियो शनिवार की दोपहर के बाद सामने आया। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि 2 पक्ष आपस में भिड़ रहे और पुलिस खड़ी है, न कोई हस्तक्षेप न कोई समझाइश , वीडियो वायरल होते ही लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये हैं।
जमीन का विवाद पहले से चल रहा है
टीआई अमरसिंह गुर्जर ने बताया कि गांव मंगरोल निवासी ब्रजभूषण यादव और उनके चाचा रणवीर यादव के बीच जमीन का विवाद लम्बे समय से चल रहा है। शनिवार को राजस्व अमले की मौजूदगी में खेत की नपाई कराई गयी थी। लेकिन अमले के जाते ही मामला गरम हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आते दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

