पीएमटी फर्जीवाडा मामले में गिरफ्तारी के डर से पेशी पर नहीं पहुंची महिला डॉ., जारी हो सकता है वारंट
ग्वालियर. मध्यप्रदेश के पीएमटी 2011 फर्जीवाड़े मामले में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में आज सुनवाई के लिए 5 आरोपियों की पेशी होनी थी। मामले में हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार होने के बाद 4 महिला डॉक्टर स्पेशल कोर्ट में पेश हुई। एक महिला डॉक्टर को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिली लिहाजा गिरफ्तारी के डर से वह स्पेशल कोर्ट में पेशी के लिए नहीं पहुंची।
आपको बता दें कि स्पेशल कोर्ट ने नोटिस जारी कर आज सबसे कम उम्र वाले 5 आरोपियों को कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए थे। जो महिला डॉ. पेशी के लिए नहीं पहुंची है उसके खिलाफ वॉरंट जारी हो सकता है। अगली सुनवाई 1 फरवरी को होगी जिसमें 5 अन्य आरोपियों को कोर्ट में पेश होना होगा।
इस मामलें में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने कुल 57 लोगों को आरोपी बनाया। इन सभी पर सरकारी कोटे की करीब 47 मेडिकल सीटें बेचने का आरोप है। इस घोटाले के सभी आरोपी भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज सहित डीएमई ऑफिस एवं अन्य सरकारी कार्यालयों से संबंधित है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पीएमटी फर्जीवाड़ा मामले में सभी आरोपियों की पेशी उम्र के हिसाब से तय की गई है। इनमें उम्रदराज लोगों की पेशी सबसे आखरी में होगी।

