नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने वाले 8 गिरफ्तार, मप्र, छग व महाराष्ट्र में नक्सलियों को हथियार व विस्फोटक भेजते थे, पढ़े-लिखे लोगों का ब्रेन वॉश करते थे
बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र में किन्ही चौकी से सटे जंगल से पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से हथियार व विस्फोटक सामग्री जब्त की है। ये हथियार नक्सलियों को सप्लाई किए जाने वाले थे। पूछताछ में पता चला है कि आरोप मप्र, राजस्थान और महाराष्ट्र के नक्सलियों को हथियार और विस्फोटक पहुंचाते थे इसके अलावा नक्सलियों की आइडियोलॉजी को पढ़े-लिखे लोगों तक पहुंचाने के लिए उनका ब्रेन वॉश भी करते थे। पकड़े गए सभी लोग राजस्थान और महाराष्ट्र के रहने वाले है।
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस व हॉक फोर्स के जवानों ने घेराबंदी कर दो चार पहिया वाहनों को रोक कर तलाशी ली इसमें अवैघ हथियार, विस्फोटक सामग्री व नक्सलियों द्वारा उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री प्राप्त हुई है। आरोपी पिछले 4 से 5 साल से बालाघाट, मंडला समेत कवर्धा, राजनंदगांव, गोंदिया व गढ़चिरौली में सक्रिय नक्सलियों को हथियार व विस्फोटक सप्लाई कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने 4 साथियों के बारे मे बताया है और सभी आरोपी मुंबई, राजस्थान, गोंदिया के रहने वाले है। वह अर्बन नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे, आरोपी नक्सलियों की आईडियोलॉजी पर काम करते थे वे उनके विचारों को पढ़े-लिखे लोगों तक पहुंचाकर उनका ब्रेन वॉश भी करते है।
बड़े हमले की साजिश कर रहे थे
एसपी तिवारी ने बताया कि आरोपियों से बरामद विस्फोटक व हथियार सुरक्षाबलों पर जानलेवा हमला करने के लिए उपयोग किया जाने था। इससे पहले ही उनक मंसूबों को विफल कर दिया गया। हफ्तेभर में ये तीसरा मामला है जब पुलिस को नक्सलियों द्वारा डंप किए गए व उन्हें सप्लाई करने वालों से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए है।

