दिल्ली से आई महिला ने भाजपा नेता, होटल मालिक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
भिंड. दिल्ली से फूफ स्थित ऋषिश्वर कॉलेज में परीक्षा देने आई महिला ने शहर के श्याम होटल के मालिक पर छेडछाड के आरोप लगाए है। होटल मालिक भाजपा जिला मंत्री और व्यापार संघ के अध्यक्ष है। इधर भाजपा जिला मंत्री का कहना है कि महिला ने जो आरोप लगाए है वह पूरी तरह से गलत है। होटल में सीसीटीवी कैमरे लगे है उसकी फुटेज देखकर स्पष्ट हो जाएगा कि कौन सही और कौन गलत बोल रहा है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक नई दिल्ली नन्हे पार्क हाउस निवासी 30 वर्षीय युवती ने बताया कि 11 जून से 25 जून तक फूफ के ऋषिश्वर कालेज में लॉ की परीक्षा चल रही है। वह परीक्षा में शामिल होने के लिए 10 जून को दिल्ली से भिंड आई और श्याम पैलेस होटल में ठहरी थी। होटल मालिक भाजपा जिला मंत्री व व्यापार संघ अध्यक्ष मुकेश जैन हैं। महिला ने बताया कि सोमवार रात करीब वह नौ बजे फोन पर अपनी मां और बच्चों से बात कर रही थी। तभी होटल मालिक आए और बोले कि किससे बात कर रही हो। उसने वीडियो काल पर मां से बताई तो उन्होंने नमस्ते की। इसके बाद उसने फोन काट दिया। इसके बाद होटल मालिक ने उससे छेडछाड की। मंगलवार सुबह उसने डायल 100 को कॉल किया, इसके बाद उसने होटल से चेक आउट किया। साथ ही कोतवाली में आवेदन दिया।

