दिनदहाड़े डबरा में हुई लूट का पुलिस ने किया पर्दाफाश कर 4 लुटेरों की गिरफ्तार
पकड़े गये लुटेरों से 07 लाख रूपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल भी जप्त
ग्वालियर। डबरा क्षेत्र के व्यस्ततम ठाकुर बाबा रोड पर दिनदहाड़े गल्ला व्यापारी पर गोलियां चलाकर बाइक सवार बदमाश 35 लाख रुपए लूट ले गए थे। लुटेरों ने लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम उस समय दिया, जब गल्ला व्यापारी अपने सहयोगी के साथ बैंक से 35 लाख रुपए निकालकर घर लौट रहा था। उक्त लूट की वारदात को गंभीरता से लेते हुए अति. पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन डी.श्रीनिवास वर्मा, एवं पुलिस अधीक्षक अमित सांघी द्वारा घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया और उक्त लूट की घटना का शीघ्र पर्दाफाश कर लुटेरों की गिरफ्तारी हेतु ASP शहर राजेश डण्डोतिया एवं ASP ग्रामीण जयराज कुबेर को टीमें बनाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त लूट की घटना के शीघ्र खुलासे हेतु पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की एक दर्जन टीमें बनाई गई।
लूट की घटना के शीघ्र खुलासे हेतु 150 पुलिस कर्मियों को लगाया
थानों की पुलिस टीमों के लगभग 150 पुलिस कर्मियों को उक्त लूट की घटना का पर्दाफाश करने हेतु लगाया गया। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास एवं संपूर्ण डबरा शहर के सभी सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये गये तथा टेक्निकल व सायबर टीमों को भी सक्रिय किया गया। लूट की घटना की पतासाजी हेतु पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड व जेल से रिहा हुए करीब 100 लुटेरों की भी तस्दीक की गई। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे मोटर सायकिल सवार बदमाशों को 3 राज्यों में पुलिस टीमें गई और सैकड़ों किमी तक 500 से अधिक सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज तलासे गये और 6 दिन का बैकअप देखा गया। अंततः मेहनत रंग लाई और उक्त लूट की घटना में वांछित 8 अपराधी चिन्हित हो गये।
सूचना लुटेरों को व्यापारी के मुनीम द्वारा दी गई
व्यापारी के बैंक जाने की सूचना लुटेरों को डबरा के ही एक अन्य व्यापारी के मुनीम द्वारा दी गई थी। तब लुटेरों द्वारा ग्वालियर के बीएसएफ कॉलोनी से एक मोटरसाइकिल चोरी कर उसकी नम्बर प्लेट हटाकर घटना के 3 दिन पूर्व से उक्त व्यापारी की बैंक से घर तक रेकी की गई। घटना दिनांक को एक अपाचे मोटर सायकिल पर 3 लुटेरों ने दिनदहाड़े इस दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया जिसमें बैंक से घटना स्थल तक इनके 5 अन्य साथियों द्वारा उक्त लूट की घटना कारित कराने में सहयोग किया।
लगातार 07 दिन तक सभी पुलिस टीमों द्वारा कमरतोड़ की गई मेहनत रंग लाई और सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर सर्वप्रथम रैकी करने वाले बदमाश चिन्हित किये। जिन्हे पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों से पकड़ा जाकर पूछताछ की गई तो उनके द्वारा संपूर्ण घटना का खुलासा किया गया तथा गिरफ्तार 4 आरोपियों की निशादेही पर घटना में लूटे गये रूपयों मे से 7 लाख रूपये तथा घटना में प्रयुक्त 4 मोटर सायकिलों में से एक मोटर सायकिल जप्त की गई है। ज्ञात हुआ है कि घटना में प्रयुक्त 4 में से 3 मोटर सायकिल लुटेरों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से चोरी कर इस्तेमाल की गई थी। पकड़े गये 4 बदमाशों में से 2 को टेकनपुर के पास से, तथा रैकी करने वाले मुनीम को डबरा से एवं एक अन्य को झांसी से पकड़ा गया। पकड़े गये बदमाशों से पुलिस टीम द्वारा उनके फरार शेष साथियों व लूटी गई रकम के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीमे फरार आरोपियों की तलाश में प्रदेश के अन्य जिलों तथा सीमावर्ती प्रदेशों में लगातार दबिश दे रही है। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया संपूर्ण माल बरामद कर लिया जावेगा।
कैसे हुई लूट
थाना डबरा क्षेत्र में दिनदहाड़े गल्ला व्यापारी पर गोलियां चलाकर बाइक सवार बदमाश 35 लाख रुपए लूट ले गए थे। लुटेरों ने लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम उस समय दिया, जब गल्ला व्यापारी अपने सहयोगी के साथ बैंक से 35 लाख रुपए निकालकर घर लौट रहा था। बैंक से रूपये निकालने के बाद बाइक सवार बदमाश गल्ला व्यापारी के पीछे लग गए थे। बैंक से कुछ दूरी पर ठाकुर बाबा रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी की बाइक में टक्कर मारकर सड़क पर गिराया, और बैग छीनने की कोशिश की, इस दौरान जब व्यापारी और उसके सहयोगी ने इनसे भिड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायर किए। बदमाशों द्वारा किये गये फायर से व्यापारी और उसका साथी डर गए और बैग छोड़ दिया। मौके से तीनों बदमाश रूपयों से भरा बैग लेकर बाइक से भाग निकले थे। थाना डबरा पुलिस द्वारा अज्ञात लुटेरों के खिलाफ अप0क्र0 धारा 392 भादवि 11/13 एमपीडीपीके एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

