ड्रग्स मिलने के बाद अडाणी पोर्ट ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान के कार्गो पर रोक लगाई, 15 नवंबर से लागू होगा फैसला
नई दिल्ली. अडाणी पोर्ट ने कहा है कि वह अपने टर्मिनल पर ईरान, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाले कार्गो को हैंडल नहीं करेगा। यह फैसला 15 नवंबर से लागू होगा। देश के कार्गो हैंडलिंग में अडाणी ग्रुप का 25 प्रतिशत का बाजार हिस्सा है। कंपनी 13 पोर्ट पर अपना ऑपरेशन चलाती है।
सितंबर में बरामद हुआ था ड्रग्स
दरअसल, गुजरात के अडाणी पोर्ट पर ही हाल में बड़े पैमाने पर ड्रग्स पकड़ा गया था। इस वजह से अडाणी के साथ-साथ सरकार की भी जमकर किरकिरी हुई थी। तमाम सारी राजनीतिक पार्टियों ने इसे मुद्दा बना लिया था। अडाणी ग्रुप ने सोमवार को एक स्टेटमेंट जारी किया। इसने कहा कि अडाणी पोर्ट पर एक्जिम कंटेनर को हैंडल नहीं किया जाएगा। यह नियम तीन देशों पर लागू होगा।
15 नवंबर से लागू होगा फैसला
ग्रुप ने कहा कि 15 नवंबर से इसे लागू किया जाएगा। ग्रुप ने कहा कि यह एडवाइजरी इसके सभी टर्मिनल पर लागू होगी। यही नहीं, किसी तीसरी पार्टी के जरिए भी इस तरह के कार्गो को हैंडल नहीं किया जाएगा। सितंबर में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर 3 हजार किलो हेरोइन बरामद की गई थी। यह पोर्ट अडाणी ग्रुप चलाता है। इस ड्रग की कीमत 21 हजार करोड़ रुपए आंकी गई थी।

