सीसीटीवी फुटेज में जीप में बैठते हुए दिखाई दिया मंत्री का बेटा आशीष मिश्र, इसी के आधार पर एसआईटी ने की थी गिरफ्तारी
उत्तर प्रदेश. लखीमपुर हिंसा मामले में एसआईटी के हाथ बड़ा सबूत हाथ लगा है, पुलिस ने घटनास्थल के पास से दो दुकानों के डीवीआर जब्त किए थे। जानकारों के अनुसार जिस वक्त तिकुनिया में हिंसा हुई उस वक्त केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा का आरोपी बेटा आशीष घटनास्थल पर ही था। उस वक्त उसने सफेद शर्ट पहन रखी थी। एसआईटी को मिले सीसीटीवी में वह दिख भी रहा है। पुलिस ने इसी फुटेज के आधार पर आशीष को गिरफ्तार किया है।
जिस थार जीप से किसानों को कुचला गया था, उसमें आरोपी आशीष की तरह सफेद शर्ट पहने हुए एक व्यक्ति बैठा दिख रहा है। हालांकि, हिंसा के बाद दावा किया गया था कि जीप ड्राइवर हरिओम चला रहा था और उसने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसकी किसानों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी, लेकिन ड्राइवर हरिओम का शव पीले रंग की धारीदार शर्ट में बरामद हुआ था।
पुलिस ने राइफल और पिस्टल जब्त की
पुलिस ने एक लाइसेंसी राइफल और पिस्टल को भी जब्त किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। ये दोनों असलहे आशीष मिश्रा के नाम हैं। एक मोबाइल भी जब्त किया गया है। आज (सोमवार) आशीष मिश्रा के पुलिस कस्टडी पर सुनवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने 14 दिन की रिमांड मांगी है। 9 अक्टूबर की देर रात आशीष को गिरफ्तारी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।

