टी-20 मैच के टिकट ब्लैक करते हुए 3 युवकों को क्राइम ब्रांच ने दबोचा, ग्राहक बनकर पहुंची थी क्राइम की टीम ने किये 8 टिकट बरामद
ग्वालियर. क्राइम ब्रांच ने रविवार को भारत और बांग्लादेश के टी-20 इंटरनेशल क्रिकैट मैच के टिकट ब्लैक करते हुए 3 युवकों को पकड़ा है। शनिवार की देर रात पकड़े गये युवकों से 11 हजार रूपये से ज्यादा कीमत के 8 टिकट बरामद किये गये है। आरोपी डबल कीमत पर टिकट ब्लैक कर रहे थे। फिलहाल क्राइम ब्रांच ने पकड़े गये युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला
शनिवार देर रात ग्वालियर क्राइम ब्रांच थाने के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार को कुछ युवकों द्वारा मैच के टिकट ब्लैक करने की सूचना मिली थी। इस पर क्राइम ब्रांच टीम ने रूप सिंह स्टेडियम के आसपास युवकों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। कुछ देर इंतजार के बाद वहां पर एक एक्टिवा गाडी से तीन युवक मैच के टिकट ब्लैक करने पहुंचे। यहां पहले से ही ग्राहक बनकर खड़े क्राइम ब्रांच आरक्षक द्वारा युवकों से टिकट लेते ही टीम ने तीनों युवकों को दबोच लिया। पूछताछ करने पर युवकों ने अपना नाम कृष्णा शर्मा, निवासी कदम साहब का बाडा, अमृत दुसेजा, निवासी समाधिया कालोनी, अमन शर्मा, निवासी कमल सिंह का बाग बताया। कृष्णा शर्मा के पास से भारत बांग्लादेश मैच का टिकट और नकद रुपए बरामद हुए। अमृत दुसेजा के पास से दो टिकट और अमन शर्मा के पास से चार टिकट बरामद हुए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 112(2) केस दर्ज किया है।
कनपुर टेस्ट मैच के टिकट भी किये थे ब्लैक
टिकट ब्लैक करने वालों का एक गिरोह दूसरे प्रदेश से आने की भी सूचना है। इस गिरोह ने कानपुर टैस्ट मैच के भी टिकट ब्लैक किये थे। ब्लैक करने वालों की धरपकड़ के लिये एसपी राकेश कुमार सगर ने पुलिस टीम को एक एफआईआर पर 5 हजार रूपये का इनाम देने का ऐलान किया है।

