जैसलमेर में मिग-21 बाइसन विमान क्रैश, पायलट हर्षित सिन्हा शहीद
जैसलमेर. भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 लड़ाकू विमान शुक्रवार शाम राजस्थान के जैसलमेर के पास क्रैश हो गया। इस हादसे में पायलट विंग कमांडर हर्षित सिन्हा की मौत हो गई है। एयरफोर्स ने इसकी पुष्टि कर दी है। जिस जगह जेट गिरा है, वह सुदासरी डेजर्ट नेशनल पार्क में है और पाकिस्तान बॉर्डर के पास है। यह एरिया आर्मी के कंट्रोल में है इसलिए वहां किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।
विमान में हवा में ही आग लग गई थी
विमान लगभग साढ़े 8 बजे क्रैश हुआ है। इसके पायलट अपनी रेगुलर उड़ान पर थे। हादसे की जगह जैसलमेर से करीब 70 किमी दूर है। आसपास के ग्रामीणों के अनुसार विमान में हवा में ही आग लग गई थी, उसके बाद वह धमाके के साथ जमीन पर आ गिरा। पायलट ने नियमित अभ्यास के लिए जैसलमेर वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी थी।
आर्मी ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेते हुए कवर कर लिया
जहां हादसा हुआ है, उसके पास ही नीम्बा गांव के गुलाम रसूल ने बताया कि उड़ते विमान में आग के तुरंत बाद ही वह धमाके के साथ नीचे गिरा। जब गांव के कई लोग वहां दौड़े तो चारों तरफ आग का घेरा बन चुका था। हादसा नेशनल पार्क में था, इसलिए वहां किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया बाद में आर्मी ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेते हुए कवर कर लिया। इसके बाद मौके पर कलेक्टर आशीष मोदी, एसपी अजय सिंह, दमकल की टीम व सम थाना पुलिस पहुंची। जानकारी के अनुसार मौके पर मिली बॉडी की ड्रेस पर नेम प्लेट भी जल चुकी है। माना जा रहा है कि हवा में ही आग लगने के कारण विंग कमांडर सिन्हा खुद को इजेक्ट नहीं कर पाए।

