जीवाजी विश्वविद्यालय में 21 अक्टूबर को जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण समारोह टला, तारीख मिलते ही कार्यक्रम की तैयारियां शुरू होगी
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित की गयी जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा का 21 अक्टूबर को अनावरण होगा या नहीं, इसको लेकर फिलहाल असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार 21 अक्टूबर के अनावरण को आमंत्रण भी नहीं छपे हैं। मूर्ति के अनावरण की तैयारी विश्वविद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर कर चुका है। मगर अनावरण कार्यक्रम जयविलास पैलेस के जरिये होना है।
जानकारी के अनुसार मुख्य अतिथि कौन होगा यह भी केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ही तय कर रहे हैं। यही कारण है कि जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन इस मामले में इस मामले में सिर्फ कार्यक्रम आयोजक की भूमिका में हैं। इसके चलते महल के निर्देशानुसार ही मूति के अनावरण की पूरी तैयारी होगा। आपको बता दें कि जीवाजी विश्वविद्यालय नामकरण सिंधिया राजघराने के पूर्वज महाराज स्वर्गीय जीवाजीराव सिंधिया के नाम पर 1964 में हुआ था। तब से लेकर अभी तक 60 वर्षो के बाद विश्वविद्यालय परिसर में जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा स्थापित की गयी है। इसके प्रयास कई बार हुए। मगर हर बार कोई न कोई अड़चन से मूर्ति स्थापना का निर्णय नहीं हो पाया था। महल से जुड़े राज्यपाल कोटे से बनाये कार्य परिषद सदस्य प्रदीप कुमार शर्मा ने जीवाजी विश्वविद्यालय ने जीवाजीराव की प्रतिमा स्थापित कराने के काम को प्राथमिकता पर लिया है। अपनी पहली कार्य-परिषद की बैठक में ही यह निर्णय करा लिया है। इसके बाद उन्होंने मूर्ति बनकर प्रशासनिक भवन के सामने स्थापित कराने के काम की देखरेख भी की।
अब मूर्ति का अनावरण होना है, जिसके लिये पिछले कई दिनों से 21 अक्टूबर की तारीख की चर्चा विश्वतिवद्यालय में चल रही है। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के आने की भी चर्चा चल रही है। कुलपति से लेकर अधिकारी भी इसी तारीख को अनावरण कराने की तैयारी कर चुके है। मगर सिंधिया के महल से अभी तक मुख्य अतिथि का नाम फायनल नहीं हुआ है। इसलिये अनावरण कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र भी अभी तक नहीं छपे हैं। स्थिति को देखकर लग रहा है कि अनावरण कार्यक्रम आगे के लिये टल सकता है।
जब राष्ट्रपति किसी कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति देती है तो उसके 7 दिन पहले से तैयारियां दिखाई देने लगती है। सुरक्षा दल आकर कार्यक्रम रूपरेखा जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर बनाते हैं। कार्यक्रम के 3 दिन से विमान तल से लेकर कार्यक्रम स्थल लाने के लिये रिर्हसल भी शुरू हो जाती है। फिलहाल अभी तक प्रकार की कोई तैयारी नहीं है।
प्रतिमा अनावरण की तारीख मिलते ही कार्यक्रम तैयारियां शुरू होगी
जीवाजी विश्वविद्यालय के कार्यपरिषद के सदस्य प्रदीप शर्मा की पहल पर कार्य-परिषद् की बैठक में जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा लगाने की स्वीकृति मिली थी। प्रदीप शर्मा ने बताया कि अभी महामहिम राष्ट्रपति अभी बाहर है एक -दो दिन में तारीख तय होने पर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की जायेगी, अनावरण समारोह में सिंधिया परिवार भी शामिल होगा।।
प्रदीप शर्मा, सदस्य, कार्यपरिषद, जेयू

