घर के बाहर से 3 साल का मासूम किडनैप, पुलिस से सामना हुआ तो झाड़ियों में छोड़कर भाग गया, फिरौती के लिए वारदात की आशंका
ग्वालियर. ग्वालियर के माधवगंज नादरिया की माता इलाके से 3 साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। दरवाजे से बच्चे को ले जाते हुए कुछ लोगों ने देख लिया था। अपहरणकर्ता बच्चे के पिता का दोस्त और पूर्व पड़ोसी निकला। पुलिस ने घेराबंदी की, तो अपहरणकर्ता रविवार सुबह 12 किलोमीटर दूर बच्चे को कारसदेव मंदिर के पास झाड़ियों में छोड़कर भाग गया। घटना शनिवार शाम 7.30 बजे से रविवार सुबह के बीच की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पता चला है कि आरोपी स्मैक के नशे का आदी है। संभव है कि उसने पैसों के लिए अपहरण किया हो, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। आरोपी का पिता संतोष सिंह तोमर एसएएफ में हवलदार है। बेटे की हरकतों के चलते वह माधवगंज से मकान बेचकर गोला का मंदिर में रहने लगा था।
माधवगंज स्थित नादरिया की माता निवासी विवेक सिंह कुशवाह (28) निजी कंपनी में कर्मचारी था पर कुछ समय से उसने अपना डेयरी व्यवसाय शुरू किया था साथ ही उसके पिता ने माधवगंज में कॉलोनी काटी थी उसका भी पैसा उसके पास था। विवेक के परिवार में पत्नी माया और 3 साल का बेटा ऋषभ है। शनिवार शाम 7.30 बजे विवेक घर पर खाना खा रहा था। बेटा पास ही खेल रहा था, तभी बाहर से किसी ने आवाज लगाई। आवाज विवेक के पड़ोसी रहे पंकज तोमर की थी। ऋषभ खेलते हुए बाहर दरवाजे तक चला गया उसने बोला भी था कि अंकल आए हैं। इसके बाद बच्चे की आवाज नहीं सुनी। विवेक ने सोचा खाना खाने के बाद बाहर जाता हूं। 15 मिनट बाद ऋषभ की मां उसके लिए दूध लेकर पहुंची। जब उसने बेटे के बारे में पूछा तो विवेक ने कहा कि पंकज के पास खेल रहा होगा। माया ने बाहर आकर देखा, तो वहां कोई नहीं था इसके बाद विवेक को बताया बच्चा नहीं मिलने पर हंगामा हो गया।
गोद में उठाकर भागते दिखा है पंकज
बच्चा नहीं मिलने पर परिवार वालों ने छानबीन शुरू की तो कुछ लोगों ने बताया कि ऋषभ को पंकज तोमर गोदी में लेकर भागते दिखा था। इसके बाद विवेक ने पंकज की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। रात को माधवगंज थाना पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी वर्षा सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अफसरों को अवगत कराया। अफसरों ने भी तत्काल बच्चे का पता लगाने के निर्देश देकर नाइट गश्त पर निकले थाना प्रभारी गिरवाई रघुवीर मीणा व जनकगंज थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा की टीमें बनाकर सर्चिंग में लगाईं।
नारायण विहार में मिली लोकेशन, बच्चा छोड़ भागा
पुलिस रात भर पंकज की तलाश में लगी रही। इस बीच पुलिस को पता लगा कि अपहरणकर्ता स्मैक पीता है इसके बाद अफसरों की चिंता और बढ़ गई। रविवार सुबह सूचना मिली कि एक युवक ऐसे ही बच्चे के साथ गोला का मंदिर नारायण विहार कॉलोनी में कारसदेव बाबा के मंदिर की ओर जाता दिखा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। कुछ ही देर में पंकज को घेर लिया। पुलिस से सामना होते ही पंकज बच्चे को कच्चे रास्ते पर छोड़कर भाग गया। माधवगंज थाना प्रभारी वर्षा सिंह के मुताबिक पंकज की तलाश की जा रही है, जल्द ही पकड़ा जाएगा।

