ग्वालियर में शराब दुकान-अहाता को लेकर बवाल
ग्वालियर. मुरार के मीरा नगर मोहल्ला में देशी शराब की दुकान व अहाता खोलने की तैयारी चल रही है। जब से मोहल्ले के लोगों को यह पता लगा है महिलाएं व बच्चे सभी परेशान हैं। महिलाओं का कहना है कि एक ही रास्ता है उस पर अहाता खुल जाएगा तो शराबी निकलना मुश्किल कर देंगे। शिवराज सरकार में शराब माफिया इतने हावी हैं कि गली मोहल्ला तक नहीं छोड़े जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आसपास कई मंदिर, स्कूल है और बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्र भी है साथ ही वह जगह भी सरकारी है। जबकि ऐसे स्थानों के नजदीक आबकारी एक्ट के तहत किसी भी तरह की शराब दुकान अथवा अहाता नहीं खोला जा सकता है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने मीरा नगर इलाके में शराब दुकान खोले जाने की अनुमति दी है, लेकिन वहां शराब की दुकान को नहीं खुलने देंगे। जिसकी शिकायत क्षेत्रवासियों ने आवेदन देकर कलेक्टर और एसएसपी से की है।
यह है पूरा मामला
मुरार मीरा नगर पीतल कारखाना के पास देसी कलारी और अहाता खोले जाने के विरुद्ध लोग एकजुट हो गए हैं। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को एक आवेदन देकर शिकायत की है कि मीरा नगर इलाके में संभ्रांत लोग निवास करते हैं। ऐसे में वहां किसी भी तरह की शराब दुकान या अहाता नहीं खोला जाए, क्योंकि इससे मोहल्ले की शांति भंग होगी साथ ही स्थानीय लोगों को आए दिन शराबियों के साथ झगड़ों का सामना करना पड़ेगा। वहां से निकलने वाली महिलाओं को भी इन शराबियों की वजह से बेहद परेशानी आ सकती है। क्षेत्र के आसपास कई मंदिर, स्कूल है और बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्र भी है। ऐसे स्थानों के नजदीक सरकार के ही बनाए हुए नियम है कि वहां किसी भी तरह की शराब दुकान अथवा अहाता नहीं खोला जा सकता है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने मीरा नगर इलाके में शराब दुकान खोले जाने की अनुमति दी है। यह स्थानीय लोगों की शांति प्रक्रिया को भंग करने की एक कोशिश है। जिसे मोहल्ले के लोग कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कलेक्टर, एसएसपी नहीं सुनेंगे तो यहां स्थानीय लोग धरना प्रदर्शन करेंगे।

