ग्वालियर में विकास कार्यों की बैठक में मंत्री प्रद्युम्न सिंह, कलेक्टर, निगमायुक्त को निर्देश देते सिंधिया के पीए
ग्वालियर. ग्वालियर में विकास कार्यों की बैठक और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अफसरों के साथ बैठक में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ओएसडी और पीए पुरुषोत्तम पाराशर के अफसरों को निर्देश देने पर कांग्रेस ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने बैठक का फोटो ट्वीट करते हुए लिखा है कि ग्वालियर के विकास कार्यों की बैठक में मंत्री प्रद्युम्न तोमर, कलेक्टर, निगमायुक्त को निर्देश देते सिंधिया जी के पीए पुरुषोत्तम पाराशर तक मौजूद हैं, लेकिन ग्वालियर के तमाम जनप्रतिनिधि गायब हैं। यहां कांग्रेस प्रवक्ता का इशारा कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक व सतीश सिकरवार की ओर था। अब इस पर किसी से कोई जवाब देते नहीं बन रहा है।
ग्वालियर में शनिवार को दिल्ली से एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ग्वालियर आई थी। उनके साथ बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एक ट्वीट किया था जिसमें लिखा था कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया अधिकारियों, कलेक्टर ग्वालियर, नगर निगम आयुक्त ग्वालियर सहित समस्त अफसरों के साथ ग्वालियर एयरपोर्ट के विकास, विस्तार व ग्वालियर के पेयजल सहित अन्य विकाय कार्यों पर बैठक कर चर्चा की गई।
उन्होंने इस ट्वीट के साथ बैठक के कुछ फोटो भी अपलोड किए थे। यहीं से विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस के प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने उनके इसी ट्वीट को रीट्वीट किया और बैठक के फोटो में कलेक्टर के पास बैठे दिख रहे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के ओएसडी और पीए पुरुषोत्तम पाराशर पर कमेंट किया है। उन्होंने ट्वीट कर चुटकी ली है कि ग्वालियर के विकास कार्यों की बैठक में ग्वालियर के जनप्रीतिनिधि तो गायब हैं, लेकिन सिंधिया के पीए मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कलेक्टर व अन्य अफसरों को निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद सिंधिया के पीए के बैठक में शामिल होने होने और क्षेत्रीय विधायकों को न बुलाने का मुद्दा छाया हुआ है।

