ग्वालियर में रुपए दोगुना करने वाले गिरफ्तार, नोटों को कपड़े में लपेटकर आग के ऊपर घुमाते व गायब कर देते
ग्वालियर. ग्वालियर में नोटों को दोगुना करने का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह के पांच सदस्य पुलिस के हाथ लगे हैं। यह सफलता मुरार थाना पुलिस को मिली है। गिरोह के तीन सदस्य टारगेट को झांसे में लेकर लग्जरी कार से एक खंडहर में ले जाते हैं। यहां दो युवक पहले से बैठे मिलते हैं। एक युवक को यह नोट दोगुने करने की कला आना बताते हैं। इसके बाद टारगेट के दिए रुपए काले कपड़े में बांधकर आग के ऊपर से गुजारे जाते हैं। दो चीनी की प्लेट में कागज केमिकल डालकर रख देते हैं। यहीं वह टारगेट को चकमा देकर नोट गायब कर देते हैं। गिरोह ने चार दिन पहले 8 सितंबर को एक कांग्रेस नेता पुष्पेन्द्र राजपूत को मुरार के नाटकोटिक्स ऑफिस के पीछे इसी तरह शिकार बनाया था। पुलिस ने पांचों ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हाल ही में पांच लोगों से 11 लाख रुपए सहित 30 से 35 लाख रुपए ठग चुके हैं। जिससे पहले यह और लोगों को अपना शिकार बनाते पुलिस ने गिरोह को बर्स्ट कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
ASP क्राइम ब्रांच राजेश दंडौतिया ने बताया कि चौरसिया कॉलोनी गुढा निवासी पुष्पेन्द्र राजपूत पुत्र प्रताप सिंह राजपूत कांग्रेस नेता हैं। उन्होंने शिकायत की थी कि उनके साथ पांच युवकों ने रुपए डबल करने के नाम पर ठगी की है। उसने पुलिस को बताया था कि वह 8 सितंबर मुरार आया था। जब वह MH चौराहा पहुंचा तो उसे गुढ़ा पर रहने वाला आकाश बघेल दो अन्य साथियों के साथ मिला। आकाश ने दोस्तों का परिचय जितेन्द्र उर्फ कल्लू व अभिषेक मावई के रूप में कराया। वह एक क्रेटा कार में सवार थे। आकाश ने कांग्रेस नेता को बताया कि एक व्यक्ति है नोटों (रुपयों) काे केमिकल और टेक्नीक से डबल कर देता है। यह कार भी हमने रुपए डबल कराकर खरीदी है। पर पांच लाख रुपए से कम रुपए वह डबल नहीं करता है। हम दोनों पर डेढ़-डेढ लाख रुपए तो हैं, लेकिन 2 लाख रुपए कम पड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता को विश्वास दिला दिया कि ऐसा सच में होता है। इसके बाद पुष्पेन्द्र घर गया और 2 लाख रुपए ले आया। फिर तीनों के साथ वह लग्जरी में सवार होकर नारकोटिक्स ऑफिस के पास किसी खंडहर में पहुंचे। यहां पहले से दो व्यक्ति बैठे हुए थे। एक का नाम लल्लू और दूसरे का धर्मवीर था।
इस तरह हड़प जाते थे रुपए
जब पुष्पेन्द्र खंडहर में पहुंचा तो वहां लल्लू नाम के युवक ने बैग से दो कांच की प्लेट निकाली। एक प्लेट पर नोट के साइज का कागज रखकर दूसरी प्लेट से उसे ढक दिया। उनके लिए पांच लाख रुपए उन्होंने एक काले कपड़े में लपेटकर उसके ऊपर धागा लपेट दिया। फिर आग जलाई और कपड़े में लिपटी नोटों की गड्डी को आग के ऊपर घुमाने लगे। उनका कहना था कि इसमें केमिकल लगा दिया है। आग के ऊपर काफी देर तक सेंकना पड़ेगा। इसके बाद कांग्रेस नेता से कहा कि काफी देर तक आग जलानी पड़ेगी और लकड़ियां लेकर आओ। वह लकड़ियां बीन रहा था कि तभी उनकी चिल्लाने की आवाज आई कि आग लग गई। वह पहुंचा तो बंडल मंे आग लगी थी। कांग्रेस नेता ने दौड़कर आग बंडल में लात मारी तो कांच की प्लेट टूट गई। इसके बाद वहां मौजूद सभी नाराज हुए और कहा कि प्लेट टूट गई अब रुपए डबल नहीं हो सकते। आकाश से कांग्रेस नेता ने अपने रुपए मांगे तो उसने प्लेट आने के बाद देने को कहा। जब वह लकड़ी बीनने गया था तो ठगों ने बंडल बदल दिया था। नकली नोटों का बंडल आग मंे डाल दिया।
यह पकड़े गए
मुरार पुलिस और क्राइम ब्रांच की पकड़ में आए ठगों की पहचान आकाश बघेल निवासी गुढ़ा-गुढ़ी का नाका, कल्लू उर्फ जितेन्द्र बघेल, लल्लू उर्फ नंदकिशेार, धर्मवीर और अभिषेक मावई (गुर्जर) निवासी बिलौआ के रूप में हुई। पकड़े गए ठगों से पूछताछ के बाद पांच लोगों से 11 लाख रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है।

