ग्वालियर में पटवारी की पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान
ग्वालियर. एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। घटना थाटीपुर के दर्पण कॉलोनी यमुना नगर की है। विवाहिता को सास-पति फंदे से उतारकर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला का पति पटवारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। इधर, महिला के भाई और मायके पक्ष के अन्य लोग भी हॉस्पिटल पहुंचे। भाई ने आरोप लगाया है कि यह खुदकुशी नहीं हत्या है। बहन को उसका पति मारपीट कर प्रताड़ित करता था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया है। साथ ही मर्ग कायम कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
दर्पण कॉलोनी यमुना नगर निवासी रोहिणी श्रीवास्तव (32) ने खुदकुशी कर ली है। रोहिणी का पति चैतन्य श्रीवास्तव पटवारी है। रविवार को रोहिणी ने घर के रूटीन काम किए और अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद सास प्रमिला कमरे में पहुंची तो देखा कि बहू फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। बहू को फांसी के फंदे पर लटका देखकर उसने शोर मचाया। जिस पर पति व अन्य लोग भी पहुंच गए। तत्काल फंदे से बहू को नीचे उतारकर जेएएच लेकर पहुंचे। साथ ही रास्ते से मायके पक्ष काे सूचना दी। जब वह जेएएच पहुंचे तो यहां डॉक्टरों ने महिला की नब्ज टटोलते हुए मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
पति करता था मारपीट
मृतका के भाई अंकित श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में उसकी बहन की शादी चैतन्य से हुई थी। शादी के बाद से ही पति व ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करते थे। पति बेरहमी से मारपीट करता था। आशंका है कि उसने गला घोंटकर मारा है और फिर फंदे पर टांग दिया है। इसलिए मामले की विस्तार से जांच की जाए।

