ग्वालियर में नौतपा से पहले ही तेज अंधड़ और बूंदाबांदी, गर्मी से मिली राहत
ग्वालियर. ग्वालियर में सोमवार सुबह तेज आंधी और बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहाना हो गया है। नौतपा से ठीक पहले आंधी और हल्की बारिश से दिन का तापमान 5 से 6 डिग्री नीचे आ गया है। लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। रविवार को शाम भी शहर में बूंदाबांदी हुई थी। पूरे दिन बादल छाए रहे।11 दिन बाद ऐसा हुआ है जब तापमान 45-46 से घटकर फिर से 40-41 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से नमी आ रही है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस कारण अगले दो दिन अंचल में बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। पिछले साल नौतपा में सबसे अधिक तापमान 31 मई को 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इस बार भी नौतपा अन्य दिनों की तुलना में ठंडे ही रहने की संभावना है। नौतपा के पहले ही ग्वालियर अंचल में लगातार तीन दिन से आंधी चल रही है और बीच-बीच में कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हो रही है। मंगलवार से नौतपा की शुरूआत होनी है। पर उससे पहले मौसम बदल गया है और गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
मौसम का मजा लेने सड़कों पर निकले लोग
अचानक हुई बूंदाबांदी का मजा लेने लोग वाहन लेकर सड़कों पर निकल आए। अन्य दिनों की तुलना में सोमवार सुबह सड़कों पर भीड़ ज्यादा नजर आई।

