Latestराज्यराष्ट्रीय

ग्वालियर में नए साल के जश्न में डूबा शहर, पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों को पकड़ा

ग्वालियर. नए साल का जश्न बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। दो साल बाद ऐसा हो रहा है कि कोविड का डर नहीं है। यही कारण है कि शहरवासियों ने नववर्ष का स्वागत पूरे जोश के साथ किया है। शहर के होटलों, रेस्त्रां, रिसोर्ट और क्लबों में न्यू ईयर पार्टियों में लोग फिल्मी गानों की धुनों पर थिरकते और जश्न में झूमते नजर आए। रात 12 बजते ही रंगारंग आतिशबाजी की गई। लोगों ने एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देकर खुशी जाहिर की। नए वर्ष के आगमन पर कई लोगों ने शहर को स्वच्छ आैर सुंदर बनाने का संकल्प भी लिया।

नशे में वाहन चलाने वालों को पकड़ा
शहर नए साल के जश्न में डूबा हुआ था तो पुलिस सड़कों पर सतर्क नजर आई। करीब 600 पुलिस जवान व अफसर शहर में तैनात किए गए हैं। शहर में 70 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। 15 पॉइंट पर पुलिस ब्रीथ एनालाइजर लेकर नशे में वाहन चलाने वालांे के खिलाफ एक्शन ले रही है। शाम 7 बजे से पुलिस सड़कों पर उतर आई थी। देर रात तक पुलिस की चेकिंग जारी थी। इस दौरान पुलिस ने नशे में वाहन चलाने या नियमों को तोड़ने वाले आधा सैकड़ा वाहन भी पकड़े हैं। कई को हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। खुद एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी पूरी चेकिंग पॉइंट की मॉनिटरिंग करते नजर आए।

कोविड के चलते नए साल के जश्न पर गाइड लाइन जारी रही
पिछले दो साल से कोविड के चलते नए साल के जश्न पर गाइड लाइन जारी थी। एेसे में नए साल का जश्न खुलकर नहीं मनाया जा रहा था। होटल, रेस्त्रां भी अपने यहां पार्टियां नहीं कर रहे थे, लेकिन साल 2022 के विदाई और नए साल 2023 का आगमन इस बार कोविड की छाया से दूर है। यही कारण है कि शहर के होटलों लैंड मार्क, 7 स्पाइस, सेन्ट्रल पार्क, होटल क्लार्क्स इन स्वीट्स के अलावा जीवाजी क्लब में नए साल के जश्न का आयोजन किया गया। नए साल के मौके पर शहर के होटलों में खासतौर पर आयोजित कपल गेम्स, फ्यूजन डांस पार्टी, किड्स गेम्स के साथ कई अन्य आयोजनों किए गए, जिसमें शहरवासियों ने खूब हिस्सा लिया और मजे किए।

इंडियन आइडियल ने बांधा समा
नए साल की पूर्व संध्या पर आयोजित पार्टियों में मुम्बई से आए इंडियन आइडियल के राहुल व्यास सहित अन्य स्थानीय कलाकारों के साथ अन्य शहरों के डांस ग्रुप, डीजे पार्टी, बैंड और आर्केस्ट्रा ने पार्टी में समां बांध दिया। लेजर लाइटिंग के साथ थ्रीडी इफेक्ट वाले डीजे सिस्टम के डांस फ्लोर पर शहरवासियों ने जमकर ठुमके लगाए। फिल्मी गीतों, एल्बम और अन्य धुनों के साथ लोगों गाला डिनर मेक्सिकन, थाई, इंडियन, कांटिनेंटल सहित विभिन्न फूड का भरपूर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *