LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़

ग्वालियर में छोटे कारोबारियों पर संकट, MP के कई शहरों में कमर्शियल LPG की सप्लाई रोकी

ग्वालियर. ग्वालियर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति रोक दिए जाने से छोटे कारोबारी परेशान नजर आ रहे हैं। मंगलवार को शहर की कई गैस एजेंसियों पर लोग सिलेंडर के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। होटल, ढाबा और छोटे रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिलने से उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है। शादी समारोह की बुकिंग भी नहीं ली जा रही है। कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने से रोजाना होने वाली 600 से 700 सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है। इससे छोटे कारोबारियों पर असर दिखने लगा है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर मध्य प्रदेश में भी देखा जा रहा है। कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति रोक दी गई है। घरेलू एलपीजी की बुकिंग भी बढ़ गई है। भोपाल में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई सोमवार से तो इंदौर में बुधवार से बंद की गई। इंदौर के अधिकारियों का दावा है कि कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बंद करने का निर्णय इसलिए किया गया है ताकि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। घरेलू एलपीजी की बुकिंग भी अब 25 दिन के बाद ही हो सकेगी।
घरेलू उपभोक्ताओं में चिंता और बुकिंग में उछाल
महाकोशल-विंध्य के जिलों में घरेलू एलपीजी को लेकर लोगों में चिंता नजर आने लगी है। हालांकि अभी कहीं कतार लगने जैसी स्थिति नहीं है। इस बीच मालवा-निमाड़ अंचल के अधिकांश जिला कलेक्टरों ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों से जो सूचनाएं फैल रही हैं, वे भ्रामक हैं। जिलों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और नियमित आपूर्ति जारी है। अधिकारियों ने अपील की है कि घबराकर जमाखोरी न करें, इससे कृत्रिम संकट पैदा हो सकता है। उपभोक्ता भी सतर्क होने लगे हैं। भोपाल संभाग में घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है।
सिंगल कनेक्शन वालों की बढ़ी परेशानी और बुकिंग गैप
महीने में एक गैस सिलेंडर मिलने का आदेश आने के बाद अधिक खर्च वाले लोग परेशान हैं। जिनके पास सिंगल गैस कनेक्शन हैं, उनकी चिंता बढ़ी हुई है। अधिकारियों का दावा है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को दिक्कत नहीं होगी। इंदौर में बुधवार से कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। साथ ही घरेलू सिलेंडर की बुकिंग भी अब 25 दिन की अनिवार्य गैप के बाद ही हो सकेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *