ग्वालियर पुलिस झूठी लूट की खबर से हुई चकरघिन्नी, 3 घंटे तक परेशान होती रही
ग्वालियर. ग्वालियर में आधी रात 52 हजार रुपए लूट की झूठी खबर पर पुलिस चकरघिन्नी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्पॉट पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। सूचना देने वाले फरियादी को कॉल किया तो वह बोला साहब मैं तो घर आ गया। पुलिस ने स्पॉट या थाने पर आने को कहा तो आनाकानी करने लगा। पुलिस ने गाड़ी भेजकर फरियादी को थाने बुलवाया है। उसने तीन बार अलग-अलग पूछने पर लूट की अलग-अलग कहानी सुनाई है जिसके बाद साफ हो गया कि झूठी खबर दी थी।उस पर कर्ज था जिस कारण उसने लूट की झूठी कहानी बनाई। पुलिस ने उसे समझाइश देकर छोड़ दिया है।
घाटीगांव के जखा निवासी यतेन्द्र रावत ने देर रात पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार बदमाश उनसे 52 हजार रुपए लूट ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटना स्थल पहुंची तो वहां पर कोई नहीं मिला। पुलिस ने पीड़ित युवक को कॉल लगाया तो पता चला कि घटना तीन घंटे पहले की है और वह अपने गांव चला गया है। जब युवक को बुलाया तो आने में आना-कानी करने लगा। जिस पर पुलिस ने उसे लेने के लिए पुलिस का शासकीय वाहन भेजा और थाने लेकर आए। जब पुलिस अफसरों ने उससे पूछताछ की तो हर बार वह एक नई कहानी सुनाकर पुलिस को उलझाता रहा। युवक का कहना था कि बदमाशों ने उसे घेरा और उसके बैग में रखे 52 हजार रुपए निकालने के बाद बैग वापस लौटा गए, जबकि उसके गले में पहनी सोने की चेन, अंगूठी तथा मोबाइल को नहीं ले गए। जब पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला है कि युवक की ऑनलाइन शॉप है और उस पर कुछ कर्जा भी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि अगर वह लूट का शिकार होता तो थाने आता और पुलिस को सूचना देता, ना कि अपने घर जाता।

