खरगोन दंगे में फरार रिटायर्ड एएसआई गिरफ्तार, पुलिस ने रखा था इनाम
खरगोन. पुलिस ने शनिवार को शहर में रामनवमी पर हुए दंगे के आरोपित रिटायर्ड एएसआइ को एसडीएम कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया है। रिटायर्ड एएसआइ नासिर अहमद पर दो हजार रुपए का इनामी राशि भी घोषित थी।जानकारी के अनुसार लंबे समय से फरार आरोपित नासिर पिता नजीर अहमद शनिवार को कोर्ट में किसी काम से आया था। पुलिस को नासिर के कार्ट में होने की सूचना मुखबीर से मिली। जिसके बाद मुखबीर के आधार पर पुलिस ने नासिर को पकड़ लिया।
कई धाराओं में लगा है केस
आरोपित ने दो महीने पहले जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई थी। कोर्ट ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। याचिका खारिज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। रिटायर्ड एएसआई नासिर के खिलाफ पथराव, तोड़फोड़, आगजनी, विस्फोट करना व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। रिटायर्ड एएसआई से पुलिस पूछताछ कर रही है।
अब तक 300 से ज्यादा गिरफ्तारियां
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में खरगोन दंगे मामले में कई अहम खुलासे हो सकते है। वहीं कोतवाली टीआई बीएल मंडलाई ने बताया कि खरगोन दंगे का आरोपित दस माह से फरार था। उसे शनिवार को कोर्ट परिसर से मुखबीर की सूचना पर पकड़ा गया है। आरोपित नासिर को कोर्ट में पेश किया गया और पुलिस ने दो दिनों की रिमाड मागी है। साथ ही अब तक खरगोन दंगो के मामले में 300 के आसपास गिरफ्तारियां हो चुकी है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। जल्द ही इस मामले से जुड़े बाकी के आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

