कोविड-19-तीसरी लहर में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंसीडेंट कमांडर अपने दायित्वों को संभालें – कलेक्टर
ग्वालियर कोविड-19 की तीसरी लहर में केस तेजी से बढ़ने लगे हैं। हम सबको पूरी मुस्तैदी के साथ संक्रमण की रोकथाम के लिए कार्य करना होगा। सभी इंसीडेंट कमाण्डर अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ संक्रमण को रोकने की कार्रवाई करें। इसके साथ ही कोरोना के जो मरीज सामने आते हैं उनसे संक्रमण न फैले, इसके लिये भी सभी उपायों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को कंट्रोल कमाण्ड सेंटर में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिये आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिये आयोजित इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, एडीएम इच्छित गढ़पाले, एचबी शर्मा, एएसपी सुश्री हितिका वासल सभी इंसीडेंट कमाण्डर, पुलिस अधिकारी और कोविड-19 के लिये तैनात किए गए प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।
कोविड-19 की तीसरी लहर में कोरोना मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। आने वाले दिनों में हमारे जिले में भी मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हमने कोरोना की दूसरी लहर में व्यवस्थायें की थीं, उसी प्रकार की व्यवस्थायें हमें अब कर लेनी होंगी। सभी इंसीडेंट कमाण्डर अपने-अपने क्षेत्र की कमान संभालें और सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करें। कंट्रोल कमाण्ड सेंटर भी पूर्व की भांति सभी गतिविधियां प्रारंभ करे।
कोविड अनुरूप व्यवहार करें नागरिक
बैठक में कहा है कि कोविड-19 के मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। आम नागरिक कोविड अनुरूप व्यवहार करें, यह जरूरी है। सभी इंसीडेंट कमाण्डर अपने-अपने क्षेत्र में बिना मास्क के घूमने वालों पर चालान की कार्रवाई करें। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी दुकान पर काम करने वालों के साथ-साथ आने वाले ग्राहकों को मास्क पहनने की अनिवार्यत: करने के निर्देश दें। समझाइश के बाद भी अगर कोई व्यवसायिक प्रतिष्ठान नहीं मानता है तो उसके खिलाफ पुलिस प्रकरण दर्ज कराया जाए। दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग के लिये गोले बनाने का कार्य भी शहरी क्षेत्र में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के माध्यम से कराया जाए।
मीडिया ब्रीफिंग के लिए डॉ. बिन्दु सिंघल अधिकृत
कोविड-19 के संक्रमण के दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों को कोविड की सही जानकारी उपलब्ध हो, इसके लिये प्रतिदिन मीडिया ब्रीफिंग हेतु डॉ. बिन्दु सिंघल को अधिकृत किया गया है। डॉ. सिंघल प्रतिदिन कोविड के लिये किए जा रहे प्रबंधनों की जानकारी मीडिया के साथियों को उपलब्ध करायेंगीं।
अधिक से अधिक की जाए सेम्पलिंग
बैठक में यह भी निर्देशित किया है कि कोविड-19 की सेम्पलिंग का काम अधिक से अधिक किया जाए। सेम्पलिंग के माध्यम से जो भी मरीज सामने आते हैं उनको होम क्वारंटाइन अथवा अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था इंसीडेंट कमाण्डरों के माध्यम से की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि सेम्पलिंग का काम स्वास्थ्य विभाग निर्धारित केन्द्रों के साथ-साथ मोबाइल केन्द्र के माध्यम से भी कराए।
एम्बूलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित हो
अगर कोविड-19 के प्रकरण बढ़ते हैं तो एम्बूलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित होना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग शासकीय एम्बूलेंसों के साथ-साथ निजी एम्बूलेंसों से भी अनुबंध करके रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर एम्बूलेंस की उपलब्धता तत्काल हो सके।

