कोर्ट के जज का ट्रांसफर, ASP अनुज चौधरी पर एफआईआर दर्ज करने का दिया था आदेश
संभल. यूपी के संभल हिंसा मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एएसपी अनुज चौधरी और इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित 15-20 पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश देने वाले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) विभांशु सुधीर का तबादला कर दिया गया है। उनका स्थानान्तरण संभल से सुल्तानपुर किया गया है। दरअसल, संभल में हुई हिंसा के दौरान घायल हुए युवक आलम के पिता यमन की तरफ से दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए सीजेएम विभांशु सुधीर ने अहम आदेश दिया था। उन्होंने एएसपी अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित 15-20 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये थे। अदालत का यह आदेश संभल हिंसा प्रकरण में पुलिस की भूमिका को लेकर बेहद अहम माना जा रहा था।
एसपी बोले नहीं दर्ज करेंगे एफआईआर
इस आदेश के बाद जिले में हलचल तेज हो गयी थी। संभल जिले के एसपी कृष्णकुमार बिश्नोई ने अदालत के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था। कि पुलिस इस आदेश के तहत मुकदमा दज्र नहीं करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि अदालत के आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती दी जायेगी। इसके खिलाफ अपील दायर की जायेगी।

