कमलनाथ के नंबर से कॉल कर 5 लाख रुपए मांगे
भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नंबर से कांग्रेस नेताओं को फोन कर 5 लाख रुपए मांगे गए। भोपाल क्राइम ब्रांच ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों ने कांग्रेस नेता गोविंद गोयल को कॉल कर पैसे मांगे थे। आरोपियों के नाम सागर सिंह परमार और पिंटू परमार हैं। पूछताछ में दोनों खुद को कभी गुजरात तो कभी राजस्थान के रहने वाले बता रहे हैं। कांग्रेस नेता गोविंद गोयल ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे उनके मोबाइल पर कॉल आया। गोयल का दावा है कि कॉल जिस नंबर से आया था, वह पीसीसी चीफ कमलनाथ का नंबर था। आरोपियों ने खुद को कमलनाथ का पीएसओ बताया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी बिजी हैं। उन्हें पांच लाख रुपए अर्जेंट में चाहिए। संदेह होने पर उन्होंने थोड़ी देर में कॉल करने की बात कही।
आरोपियों ने विधायक सतीश सिकरवार को भी कॉल कर पैसे मांगे
इसी दौरान कांग्रेस नेता ने कमलनाथ से फोन पर बात की। उन्होंने ऐसी किसी जरूरत से इनकार कर दिया। थोड़ी देर बाद आरोपियों का दोबारा कॉल आया। गोविंद गोयल ने आरोपियों को पकड़ने के इरादे से बंगले पर बुलाया। दो युवक करीब साढ़े तीन बजे गोविंद गोयल के बंगले पर पहुंचे। जहां उन्हें बैठाकर चाय पिलाई। इस बीच क्राइम ब्रांच को भी मामले की जानकारी दे दी। करीब एक घंटे तक आरोपियों को बातों में उलझाकर रखा। बातचीत के दौरान उनकी बातें संदिग्ध लग रही थीं। दोनों युवकों की उम्र 22 से 25 साल के बीच है। इसी बीच क्राइम ब्रांच की टीम भी आ गई। टीम ने दोनों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने विधायक सतीश सिकरवार, इंदौर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक सिंह को भी कॉल कर पैसे मांगे हैं।

