ओल्ड पेंशन लागू कराने कर्मचारी संगठनों का शक्ति प्रदर्शन
भोपाल. कांग्रेस शासित राज्यों में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू होने के बाद मप्र में भी दबाव बढ़ता जा रहा है। आज भोपाल में भेल दशहरा मैदान पर कर्मचारी संगठन ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कराने के लिए बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश भर से मप्र के अलग-अलग विभागों के कर्मचारी भोपाल पहुंचे हैं। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम मप्र के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद डेहरिया ने कहा हमारी एक ही मांग है कि नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना के साथ पुरानी पेंशन बहाल की जाए। हम 2017 से इसकी मांग करते आ रहे हैं। लेकिन अब तक सरकार ने इस तरफ कोई कार्रवाई नहीं की है। गांधीवादी तरीके से हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे और, हमें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसे जरूर लागू करेंगे।
10 हजार कर्मचारी पहुंचे भोपाल
राजधानी के भेल दशहरा मैदान पर प्रदेश भर से करीब 10 हजार कर्मचारी पहुंचे हैं। शिवपुरी जिले से कर्मचारी गीत संगीत की धुन पर टेंट में पहुंचे। इस प्रदर्शन में केन्द्र और राज्य सरकार के सरकारी और गैर सरकारी विभागों के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हो रहे हैं।
5 राज्यों में लागू हो चुकी पुरानी पेंशन
छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल, झारखंड सहित 5 गैर भाजपा शासित राज्यों ने ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू कर दिया है। परमानंद डेहरिया कहते हैं कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इसे केन्द्र का विषय बताकर टाल देते हैं। लेकिन कर्मचारियों की बात को केन्द्र सरकार को सुननी पडे़गी। हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंदोलित करोडों कर्मचारियों की बात मानेंगे।

