एक हजार बिस्तर के अस्पताल में 250 पलंगों का अस्पताल शीघ्र प्रारंभ होगा- संभाग आयुक्त
ग्वालियर एक हजार बिस्तर के अस्पताल में 250 पलंग का अस्पताल शीघ्र प्रारंभ होगा। अस्पताल प्रारंभ करने की सभी व्यवस्थायें 20 सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने दिए हैं। उन्होंने गुरूवार को एक हजार बिस्तर के अस्पताल, सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल, कमलाराजा अस्पताल के साथ ही रेडक्रॉस के माध्यम से मानसिक आरोग्यशाला की महिलाओं के लिये संचालित लाँग स्टे होम का भी अवलोकन किया।
संभाग आयुक्त ने जेएएच परिसर पहुँचकर सर्वप्रथम एक हजार बिस्तर के अस्पताल का अवलोकन किया। उन्होंने पीआईयू सेल के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 250 बिस्तर के अस्पताल का शुभारंभ शीघ्र किया जाना है। 20 सितम्बर तक सभी व्यवस्थायें पूर्ण कर ली जाएँ। निरीक्षण के दौरान डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. समीर गुप्ता, अधीक्षक जेएएच डॉ. आरके एस धाकड़, पीआईयू सेल के अष्ठपुत्रे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पलंगों के साथ-साथ उपकरणों की व्यवस्था और आईसीयू की सभी व्यवस्थायें भी पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि एक हजार बिस्तर के अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था भी शीघ्र प्रारंभ की जाए। संभागीय आयुक्त ने इसके पश्चात सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल पहुँचकर वहाँ की व्यवसथाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध हों यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों का मानव सेवा के लिये बेहतर उपयोग हो, इसके लिये भी कार्य करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कमलाराजा अस्पताल का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

