ईद पर कई जगह बवाल: जोधपुर में 12 घंटे में 3 बार हिंसा के बाद 10 इलाकों में कर्फ्यू, विधायक के घर के बाहर आगजनी
जोधपुर. राजस्थान के जोधपुर में ईद के मौके पर जमकर बवाल के बाद तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने जोधपुर के 10 इलाकों में बुधवार तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। इधर, लोगों ने सूरसागर इलाके में विधायक के घर के बाहर आगजनी की। उधर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना पर रिपोर्ट मांगी है। जोधपुर के कई इलाकों में पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं। आज पत्थरबाजी में एक और पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि कल रात को 4 पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे। मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा के विरोध में लोगों ने हनुमान चालीसा का भी पाठ करना शुरू कर दिया है।
जोधपुर में सोमवार रात को उपद्रवियों ने 20 से ज्यादा गाड़ियों के कांच तोड़ दिए और कई ATM में भी तोड़फोड़ की। जोधपुर के पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने बताया कि, इलाके में धारा 144 लगा दी गई है। देर रात से ही जालोरी गेट और ईदगाह इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं, इंटरनेट बंद कर दिया गया है। CM अशोक गहलोत ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
जोधपुर में सोमवार रात भी हुई थी पत्थरबाजी
सोमवार रात जोधपुर के जालोरी गेट चौराहे पर देर रात जमकर पत्थरबाजी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया तो एक समुदाय की ओर से पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें 4 पुलिसकर्मी घायल हुए। शहर में भारी फोर्स तैनात कर दिया गया है। सबसे ज्यादा निगरानी तालाब चौक, पहाड़सिंगपुरा, काजीपुरा, मोहन टॉकिज, गुरुव मोहल्ला, भावसार मोहल्ला आदि में की जा रही है। प्रभारी SP रोहित काशवानी ने बताया कि शहर में 1300 जवान तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड सहित तमाम इमरजेंसी सेवाएं भी अलर्ट पर हैं। उधर, पुलिस मुख्यालय ने निमाड़, मालवा और महाकौशल के संवेदनशील जिलों को अलर्ट भेजा है।
इन इलाकों में कर्फ्यू लगाया है
उदयमंदिर
नागोरी गेट
सदर कोतवाली
सदर बाजार
सुरसागर
सरदारपुरा
खांडाफलसा
प्रतापनगर
देवनगर
प्रतापनगर सदर
अनंतनाग में ईद की नमाज के बाद सुरक्षाबलों पर पथराव
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आज सुबह पथराव की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यहां ईद की नमाज के बाद एक मस्जिद के बाहर पत्थरबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंके। पुलिस ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में है।

