पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाल कर किया शक्ति प्रदर्शन,1000 जवान अफसर रहे शामिल
ग्वालियर. शहर में अक्षय तृतीय और ईद के त्यौहार को शहरवासी शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ बना सके इसको देखते हुए पुलिस ने शहर भर में सुरक्षा के तमाम इंतजाम कर लिए है। जिला पुलिस मुख्यालय के आदेश पर करीब 1000 पुलिस जवान और अफसर इस दौरान शहर भर में तैनात रहेंगे। उनकी नजर ईद, अक्षय तृतीय, परशुराम जयंती पर निकलने वाले जुलूस व चल समारोह पर रहेगी। इसके साथ ही एडिशनल एसपी, सीएसपी व थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया है। वहीं कुछ संवेदनशील इलाकों में भी भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है ताकि शांतिपूर्ण त्यौहार मनाया जा सके।
ग्वालियर में मंगलवार को अक्षय तृतीया और ईद का त्यौहार है तो वही बुधवार को परशुराम जयंती पर कई कार्यक्रमों के चलते पुलिस सुरक्षा व्यवस्था चौकस की गई है। जिसके तहत एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी ने एक हजार जवान और अफसरों की तैनाती की है जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था ना फैल सके। हालांकि थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें भी हो चुकी है। फिर भी पुलिस ने ऐसे 14 से 15 संवेदनशील स्थान चयनित किए हैं जहां पर किसी ना किसी बात को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं लेकिन इस बार पुलिस इन्हें दोहराना नहीं चाहती है। और शहर में शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मने इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस कप्तान ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को यह आदेश दिए हैं कि वह अपने थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालें ताकि यह त्यौहार शांतिपूर्वक शहर की जनता मना सके।

