आप लोगों का हुकुम हुआ तो कृषि कानूनों को समर्थन देने इंदौर से 4 लाख किसान दिल्ली जाएंगे- कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर. भाजपा कृषि सुधार कानूनों पर किसानों को जागरूक करने के लिए देशभर में किसान सम्मेलनों और चौपालों का आयोजन कर रही है। मध्य प्रदेश में भी भाजपा का यह अभियान चल रहा है। इसी क्रम में इंदौर के दशहरा मैदान में किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने हिस्सा लिया। दशहरा मैदान पर 10 हजार से ज्यादा लोग मौजूद थे।
कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि एक अपील पर इंदौर से एक लाख ट्रैक्टर पर सवार होकर किसान कृषि सुधार कानूनों को समर्थन देने दिल्ली कूच करेंगे। वहीं कैलाश ने मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की ओर इशारा करते हुए कहा कि मैं इंदौर के किसान भाइयों बहनों से आपको एक वादा दिलाना चाहता हूं, भले ही दिल्ली में 50 हजार या लाख किसान पहुंच गए हो जिस दिन आप हुकुम करेंगे इंदौर से 4 लाख किसान सीधे दिल्ली पहुंच जाएंगे मोदी जी के समर्थन में।
विजयवर्गीय ने आगे कहा आगे कहा कि एक बात और बता दें कि मैं कैल्कुलेशन करके आया हूं, हम ट्रैक्टर से आएंगे और ट्रैक्टर से दिल्ली पहुंचने में 10 दिन लगेंगे। 1 लाख ट्रैक्टर इंदौर से लेकर आएंगे और 1 ट्रैक्टर पर 4 लोग बैठेंगे। 4 लाख लोग आपके आह्वान पर सीधे दिल्ली पहुंचेंगे जिस दिन आप हुकुम करेंगे किसान इन कानूनों के समर्थन में मोदी जी के समर्थन में दिल्ली में होंगे।

