“अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025” व्यवस्था ऐसी हो जिससे आवागमन भी प्रभावित न हो और आसानी से कार्यक्रम स्थल पर पहुँच जाएं – प्रभारी मंत्री

ग्वालियर – पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर ग्वालियर में 25 दिसम्बर को आयोजित होने जा रही ऐतिहासिक “अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025” की तैयारियां जारी है। मेला मैदान में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री की विशेष मौजूदगी में यह समिट आयोजित होगी। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर समिट की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही समिट के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयोजन स्थल के नजदीक पर्याप्त संख्या में पार्किंग स्थापित की जाएं। साथ ही ऐसी व्यवस्था बनाएं कि ग्वालियर शहर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों सहित शहर में सड़क आवागमन बाधित नहीं हो। पार्किंग स्थलों के बारे में संबंधित जिलों के अधिकारियों को पहले से ही बता दें कि उनके जिले के वाहन किस पार्किंग में खड़े कराए जायेंगे। उन्होंने जिला स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक समिट के आयोजन को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। सभी प्रतिभागी सुविधाजनक तरीके से अपने सेक्टर में पहुँच सकें। साथ ही कार्यक्रम समापन के बाद आसानी से बाहर जा सकें। उन्होंने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेला मैदान पहुँचकर “अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट” की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने उद्यमियों, निवेशकों, विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं एवं नागरिकों के हिसाब से बनाए गए अलग-अलग सेक्टर देखे। साथ ही मंच व्यवस्था का अवलोकन भी किया।
यह मंच मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेशकों के बढ़ते विश्वास तथा रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा । कार्यक्रम के दौरान अब तक की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी औद्योगिक एवं प्रशासनिक पहलों की दिशा, दृष्टि और प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया जाएगा। समिट के दौरान राज्य में प्रस्तावित एवं प्रगतिशील औद्योगिक परियोजनाओं का भूमि-पूजन, पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, निवेश प्रस्तावों से जुड़े लाभार्थियों का सम्मान, तथा रोजगार-केंद्रित पहलों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। यह मंच सरकार, उद्योग जगत और युवाओं के मध्य संवाद को सशक्त बनाते हुए निवेश को गति और रोजगार को स्थायित्व प्रदान करेगा।

