अनुसूचित जाति के छात्रों को मिलेगी 6000 करोड़ रुपए की स्कॉलरशिप- लालसिंह आर्य
ग्वालियर आजादी के बाद केन्द्र में कांग्रेस की कई वर्षों तक सरकार रही, लेकिन अनुसूचित जाति के छात्रों के कल्याण की ओर ध्यान नहीं दिया, लेकिन केन्द्र की मोदी सरकार ने इस ओर कदम उठाया और पोस्ट मैट्रिक के छात्रों की स्कॉलरशिप की रकम 1100 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 6000 करोड़ रुपए कर दी है। इसके अब हर वर्ष 5 प्रतिशत धनराशि में वृद्धि भी केन्द्र सरकार करेगी। यही नहीं इस धनराशि को सीधे छात्रों के बैंक एकाउंट में भेजा जाएगा, जिससे छात्र अपना अध्ययन जारी कर सकें। उक्त बात बुधवार को भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य पत्रकारवार्ता के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, हरीश मेवाफरोश और धर्मेन्द्र आर्य उपस्थित थे।
छात्रों के बैंक एकाउंट में सीधे जमा होगी धनराशि
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आजादी के बाद किसी सरकार ने अनुसूचित जाति के छात्रों के कल्याण के बारे में गंभीरता से सोचा ही नहीं और खासतौर से कांग्रेस का तो कल्याण योजनाओं में विश्वास ही नहीं रहा। अब मोदी सरकार ने इस ओर ध्यान दिया और जो पोस्ट मैट्रिक के छात्र होते हैं और 11वीं कक्षा में आते हैं, उनके कल्याण के लिए सरकार ने धनराशि को बढ़ाया है। पहले यह धनराशि मात्र 1100 करोड़ रुपए थी, जिसे अब 6000 करोड़ रुपए कर दिया गया है। पहले स्थिति यह थी कि राज्य सरकारें अपना हिस्सा समय पर जमा नहीं करती थीं, जिससे केन्द्र सरकार का हिस्सा भी नहीं मिल पाता था। अब सभी छात्रों के बैंक एकाउंट में यह धनराशि सीधे जमा होगी। इसके लिए एक पोर्टल भी बन रहा है, जिसमें सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन होगा।
करीब 1.36 करोड़ छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप
श्री आर्य ने बताया कि अब केन्द्र सरकार इस धनराशि में हर वर्ष 5 प्रतिशत की वृद्धि करेगी और इस प्रकार यह आने वाले समय में यह हिस्सा 80 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा। इस प्रकार करीब 1.36 करोड़ छात्रों को यह धनराशि मिलेगी। आने वाले चार वर्षों में सरकार करीब 4 करोड़ छात्रों को इस योजना के दायरे में लाएगी। उन्होंने बताया कि इससे ड्राप आऊट छात्रों की संख्या में कमी आई। योजना में अब पूरी पारदर्शित होगी और साथ में जबावदेही होगी और पूरी जानकारी आनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इसके साथ योजना का वार्षिक मूल्याकंन भी किया जाएगा।
श्री आर्य ने कहा कि इस योजना के लिए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गेहलोत के प्रति आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने अनुसूचित जाति के कमजोर छात्रों को संबल देने के लिए योजना का विस्तार किया है।

