अनुराग जैन हो सकते हैं मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव
भोपाल. मध्यप्रदेश के अगले मुख्य सचिव के लिये 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन का नाम लगभग तय माना जा रहा हैं। अनुराग की मुख्यमंत्री के साथ 2 बैठकें भी हो चुकी है और केन्द्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में उनके विकल्प के रूप में एक अधिकारी की नियुक्ति जा रही हैं। जिससे अनुराग जैन के मध्यप्रदेश के लौटने की संभावनायें बन रही है।
अनुराग जैन मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में 2 बार काम कर चुके हैं और वित्त प्रबंधन के अच्छे जानकारी हैं। उन्होंने मुश्किल के समय में प्रदेश का खजाना संभाला था। उनसे वरिष्ठ 1988 बैच की आईएस वीरा राणा हैं जो वर्तमान में मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष हैं। इसलिये जैन की पदस्थापना करते हुए सरकार को सीनियर स्तर पर बड़ा फेरबदल भी नहीं करना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस इसी माह में सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।
जानकार बताते हैं कि जैन की मुख्यमंत्री से पहली मुलाकात दिल्ली में और दूसरी दीपावली के अवसर पर भोपाल में ही हुई है। माना जा रहा है कि इस दौरान मुख्य सचिव की पदस्थापना को लेकर चर्चा हुई है। इसके बाद केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने उनके विकल्प के रूप में अधिकारी तलाश लिया है। वे जल्द ही प्रदेश लौटकर मुख्य सचिव के प्रतिनिधि के रूप में काम संभाल लेंगे। वैसे तो 1989 बैच के आइएएस और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान भी इस पद की दौड़ में शामिल हैं। वरिष्ठता में जैन के बाद उन्हीं का नंबर आता है पर जैन को वरिष्ठता के साथ वित्त प्रबंधन के अनुभव का लाभ मिलेगा। क्योंकि अगले साल प्रदेश में विधान सभा चुनाव हैं। ऐसे में राज्य सरकार कई घोषणाएं करेगी। इसके लिए राशि का प्रबंध करना होगा। इसके अलावा विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मैदानी जमावट नए मुख्य सचिव के हिसाब से ही जमाई जाएगी।

