अगले हफ्ते MP में BJP-RSS की सेंट्रल लीडरशिप, शाह छिंदवाड़ा, भोपाल आएंगे भागवत, मोदी, नड्डा और राजनाथ
भोपाल. अगले एक हफ्ते में बीजेपी की नेशनल लीडरशिप का एमपी में डेरा रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और संघ प्रमुख मोहन भागवत मप्र के दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को देखते हुए भाजपा संगठन से लेकर सरकार और प्रशासन सतर्क है।
25 मार्च: कमलनाथ के गढ़ आएंगे शाह
कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आएंगे। 25 मार्च को अमित शाह छिंदवाड़ा पहुंचकर सभा को संबोधित करने के साथ आंचल कुंड आश्रम में आदिवासी समाज के धर्मगुरुओं से भेंटकर आशीर्वाद भी लेंगे। कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में अमित शाह का यह दौरा मध्यप्रदेश की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा लगातार छिंदवाड़ा का दौरा करने में जुटे हैं। उधर, शाह के दौरे को लेकर कमलनाथ का भी बयान सामने आ चुका है। उन्होंने कहा, पिछले विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आए थे, लेकिन हम सभी सीट जीते। छिंदवाड़ा में चुनाव बीजेपी और जनता के बीच होता है।
26 मार्च: भाजपा के प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन करेंगे
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने मप्र भाजपा के प्रदेश कार्यालय के नए भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने आएंगे। भूमिपूजन के पश्चात जेपी नड्डा यहां लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों के अलावा शक्ति केंद्र के संयोजक, सह संयोजक, प्रभारी और जिला पदाधिकारी तथा मंडल पदाधिकारी शामिल रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष नड्डा शाम को प्रबुद्ध सम्मेलन में भाग लेने के बाद दिल्ली रवाना होंगे।
31 मार्च: सिंधी समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे भागवत
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भेल दशहरा मैदान पर सिंधी समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर से सिंधी समाज के करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। विदेशों में रह रहे सिंधी समाज के एनआरआई, सिंधी समाज के संत अपनी संगतों के साथ आएंगे। इसके साथ ही सिंधी समाज के आईएएस, आईपीएस अफसर और खिलाड़ी, पद्मश्री से सम्मानित जन भी शामिल होंगे। कार्यक्रम डेढ़ बजे से शाम 5.30 बजे तक चलेगा। इस कार्यक्रम में सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे।
1 अप्रैल: पीएम और रक्षामंत्री का विजिट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ट्राई सर्विस मिलिट्री एक्सरसाइज में भाग लेने आएंगे। सूत्रों के मुताबिक विभिन्न राज्यों में आयोजित होने वाली इस मीट में तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य सैन्य अधिकारी शामिल होते हैं। सीएम शिवराज के अनुरोध पर इस मीट का आयोजन भोपाल में होगा। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में यह आयोजन होगा।

