SAF द्वितीय वाहिनी में प्रभारी मंत्री ने पूजन कर पुनर्जीवित बावड़ियों का किया लोकार्पण
ग्वालियर- जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्मार्ट सिटी द्वारा 3 ऐतिहासिक बावड़ियों को वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली के माध्यम से पुनर्जीवित किया गया है। SAF द्वितीय वाहिनी परिसर स्थित बावड़ी का प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने विधिवत पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। नगर निगम आयुक्त को शहर की अन्य बावड़ियों के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। एसएएफ द्वितीय वाहिनी परिसर में स्थित स्टेटकालीन बावड़ी, कांचमील स्थित सेनापति हनुमान मंदिर परिसर की बावड़ी तथा इटालियन गार्डन की बावड़ी का संरक्षण एवं पुनर्जीवन कार्य किया गया है। तीनों बावड़ियों के संरक्षण के तहत सबसे पहले उनके अंदर जमा कचरा एवं गाद को हटाया गया।
97 लाख रुपये की लागत से हुआ कार्य
तीनों बावड़ियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन कार्य पर लगभग 97 लाख रुपये की लागत आई है। इस राशि में मरम्मत, वाटर हार्वेस्टिंग किट की स्थापना, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
पेंटिंग और सौंदर्यीकरण से बढ़ी बावड़ियों की आकर्षकता
स्मार्ट सिटी द्वारा संरक्षण कार्यों के साथ-साथ बावड़ियों का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। बावड़ियों की बाउंड्री वॉल और अंदरूनी हिस्सों में आकर्षक पेंटिंग कर उन्हें नया स्वरूप दिया गया है, जिससे ये स्थल अब अधिक सुंदर और दर्शनीय बन गए हैं।

