SAF ग्राउण्ड पर 76वें गणतंत्र दिवस ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी, कुलपति के झंडा फहराने का विरोध

ग्वालियर. 76वें गणतंत्र दिवस के मौके मुख्य समारोह एसएएफ ग्राउण्ड पर मुख्य अतिथि प्रभारीमंत्री तुलसी सिलावट ने ध्वजारोहण करने के उपरांत परेड की सलामी ली और ग्वालियरवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें एवं बधाई दी। भारत ने अपनी परंपराओं को स्थापित करते हुए एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करते हुए विविध कीर्तिमान स्थापित किये है। स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत को श्रेष्ठ भारत एवं विकसित भारत बनाने की की ओर हमारा देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के सदेश का वाचन किया और परेड में बेहतर प्रदर्शन करने वालों प्रमाण पत्र वितरित किया। इस मौके पर कलेक्टर रूचिका चौहान एवं एसपी धर्मवीर सिंह मौजूद रहें।
प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा है कि बाबा साहेब अंबेडकर की दृष्टि के आधार पर स्थापित भारत के संविधान को हमने शत प्रतिशत लागू किया है। भारतीय संविधान को हमने श्रेष्ठ ग्रंथ के रूप में भी स्थापित किया है। भारतीय संविधान के मार्गदर्शक सिद्धांतों के आधार पर ही देश चल रहा है। समूचा विश्व हमारे लोकतंत्र को देख रहा है।
NSUI का हंगामा:गणतंत्र दिवस पर कुलपति के झंडा फहराने का विरोध
ग्वालियर में NSUI कार्यकर्ताओं ने कुलपति प्रोफेसर अविनाश तिवारी पर FIR दर्ज होने के बाद उनके द्वारा झंडावंदन का विरोध किया है। शनिवार शाम ही NSUI के जीवाजी कैंपस अध्यक्ष पारस यादव ने ऐलान किया था कि वह विरोध करेंगे। 26 जनवरी की सुबह जीवाजी यूनिवर्सिटी में झंडावंदन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान छात्र नेता पारस यादव अपने साथियों के साथ पहुंचा और विरोध किया। जीवाजी यूनिवर्सिटी में पहले से ही तैनात पुलिस फोर्स ने छात्र नेता को समझाया, लेकिन जब वह जबरन अंदर जाने लगा तो पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। जिसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से ध्वजारोहण किया गया है।

