NCP नेता बाबा सिद्दकी की गोली मारकर की गयी हत्या, सीने और पेट में लगी गोलियां, 2 लोग पुलिस हिरासत में

मुंबई. NCP अजित पवार गुट के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्वमंत्री बाबा सिद्दकी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। बाद्रा के खेर वाडी सिग्नल के पास उनके बेटे जीशान सिद्दकी के ऑफिस के बाहर उन पर 2 से 3 गोलियां चलाई गयी। उन्हें तत्काल लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया।

बाबा सिद्दकी रात लगभग 9.15 बजे ऑफिस से बाहर निकले थे। जिस समय फायरिंग हुई उस समय वह अपने ऑफिस के पास पटाखे फोड़ रहे थे। तभी एक कार से तीन लोग बाहर निकले तीनों ने मुंह पर रूमाल बांधे हुए थे। उन्होंने बाबा सिद्दकी पर 3 राउण्ड फायर किये थे। एक गोली बाबा सिद्दकी के सहयोगी के पैर में लगी है। इसके बाद दूसरी गोली सिद्दकी को लगी। गोली लगने से बाबा सिद्दकी गिर पड़े, लोग उन्हें तत्काल लीलावती अस्पताल लेकर गये। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। खबर यह भी है कि पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में भी लिया है।

