NCC कैडिटों ने किया फायरिंग का अभ्यास, ड्रिल भी सीखी
ग्वालियर – वार्षिक प्रशिक्षण के छठवे दिन नेवल यूनिट के एनसीसी कैडिट को फायरिंग का अभ्यास कराया गया। साथ ही कैडिट्स ने ड्रिल भी सीखी। ग्वालियर के विद्या भवन पब्लिक स्कूल में 3 म.प्र. नेवल यूनिट एनसीसी द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। गत 6 मई से शुरू हुआ यह शिविर 15 मई तक चलेगा। इस शिविर में 135 बॉयज एनसीसी कैडेटस तथा 98 गर्ल्स कैडिट भाग ले रहे है। यह शिविर कैडेटस के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
शिविर के छठवे दिन सुबह 6 बजे शारीरिक व्यायाम का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद कैडिटों को ड्रिल का अभ्यास पीआई स्टाफ विजय शर्मा (पीओ) के द्वारा कराया गया जो कि सभी प्रकार के नोसैनिक कंप्टीशन के लिये आवश्यक है। ड्रिल रिपब्लिक डे परेड में की जाती है इसलिये कैडिटों को ड्रिल की बारिकियों से अवगत कराया गया। ड्रिल अभ्यास के उपरांत कैडिटों को एस.ए.एफ. मैदान पर फायरिंग की बारीकियाँ सिखाईं गईं और फायरिंग का अभ्यास भी कराया गया। इसमें कैडिटों ने अत्यंत उत्साह से भाग लिया और दिए गये लक्ष्य पर निशाने साधे। फायरिंग का समस्त अभ्यास नेवल चीफ इंस्ट्रक्टर मुकेश कुमार, पीओ (जीडब्ल्यू) पीआई स्टाफ अशोक सिंह तथा पीआई स्टाफ बाबूलाल के सानिध्य में हुआ ।

