Latestराज्यराष्ट्रीय

MP विधानसभा में फरवरी के अंतिम सप्ताह में होगा बजट सत्र

भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र फरवरी के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ हो सकता है। संसदीय कार्य विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार करके मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अनुमोदन मिलने के बाद दो-तीन दिन में अधिसूचना जारी करने के लिए इसे विधानसभा सचिवालय को भेज दिया जाएगा। सत्र में सरकार वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट प्रस्तुत करेगी। संसदीय कार्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बजट सत्र लगभग एक माह चलेगा। इसमें बजट प्रस्तुत करने के अलावा नगरीय विकास एवं आवास सहित अन्य विभागों द्वारा संशोधन विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बजट मार्च में प्रस्तुत होगा।

वित्त विभाग ने सभी विभागों से मांगी जानकारी
इसके साथ ही सरकार वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए तृतीय अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत करेगी। इसमें निर्माण, ऊर्जा सहित अन्य विभागों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए वित्त विभाग ने सभी विभागों से बजट में उपलब्ध कराई गई राशि और उसके उपयोग की जानकारी मांगी है। इसके आधार पर जिन विभागों के पास बजट उपलब्ध है और वे राशि व्यय नहीं कर पा रहे हैं, उनसे उसे समर्पित कराकर अन्य विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *