MP में 13.39 लाख मतदाता बढ़े, प्रदेश में अब 5.39 करोड़ वोटर
भोपाल. मध्यप्रदेश में वोटरों की संख्या 5 करोड़ 39 लाख 85 हजार 876 हो गई है। एक महीने चले वोटर लिस्ट अपडेशन में 13 लाख 39 हजार नए मतदाता बढ़े हैं। इनमें महिला वोटर ज्यादा है। पुरुष के मुकाबले महिलाओं के 75 हजार से ज्यादा नाम जुड़े हैं। 18-19 एज ग्रुप में 11 लाख 81 हजार 747 वोटर हो गए हैं, जो आने वाले चुनावों में पहली बार वोट डालेंगे। वहीं, 80 या इससे अधिक उम्र के मतदाताओं का आंकड़ा 7 लाख 40 हजार के पार पहुंच गया है। गुरुवार को प्रदेश के 64 हजार 100 पोलिंग बूथ पर BLO की मौजूदगी में वोटर लिस्ट लगाई गई। प्रदेश में नाम जोड़ने-हटाने या संशोधन की प्रोसेस लगातार चलेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि मध्यप्रदेश में 9 नवंबर से 8 दिसंबर के बीच मतदाता संक्षिप्त पुर्नरिक्षण की कार्रवाई की गई। इस दौरान 64 हजार 100 मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहे। उनकी मदद से फार्म-6 (नाम जोड़ने), फार्म-7 (नाम हटाने) और फार्म-8 (संशोधन) आवेदन लिए गए।
इतने आवेदन आए
नाम जोड़ने के लिए कुल 19 लाख 31 हजार 205 फार्म-6 के आवेदन आए थे। इनमें से 18 लाख 82 हजार 701 आवेदन मंजूर किए गए। फार्म-7 के 6 लाख 12 हजार आवेदन आए। जिनमें से 5 लाख 68 हजार आवेदन मंजूर हुए। यानी, इतने नाम हटाए गए। इसी प्रकार फार्म-8 के 6 लाख 90 हजार 991 आवेदन आए और 6 लाख 53 हजार 717 मंजूर किए गए। इस तरह कुल 32 लाख 34 हजार 258 फार्म मिले, जिनमें से 31 लाख 5 हजार 40 आवेदन मंजूर किए गए।
इतने नाम बढ़े–घटे
प्रदेश में कुल 18 लाख 82 हजार 701 नाम जोड़े गए हैं, जबकि 5 लाख 68 हजार नाम हटाए गए हैं। इस तरह 13 लाख 39 हजार नाम बढ़ गए हैं। नवंबर से पहले 5 करोड़ 26 लाख संख्या थी, जो अब 5 करोड़ 37 लाख 85 हजार 876 हो गई है। आंकड़े में 2.54 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

