MP के बड़े नेताओं, अफसरों के हनी ट्रैप केस में बड़ा अपडेट
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में भूचाल लाने वाले हनी ट्रैप केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। कोर्ट ने इस केस में 8 लोगों पर आरोप तय कर दिए हैं। अब इस मामले में नियमित सुनवाई होगी जिससे कई बड़े नेताओं-ब्यूरोक्रेट्स आदि की पोल खुल सकती है। 2019 में इंदौर नगर निगम के सिटी इंजीनियर ने ब्लैकमेल किए जाने की शिकायत की थी जिसके बाद इस सेक्स स्कैंडल की हकीकत सामने आई थी। खास बात यह है कि प्रदेश की राजनीति को हिला देने वाले और ब्यूरोक्रेट्स की नींद उड़ाने वाले हनी ट्रैप मामले में पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी अहम बात कही थी। उन्होंने इसकी सीडी देखने का दावा किया था।
एमपी के बहुचर्चित हनी ट्रैप केस में अब कोर्ट में रोज नए खुलासे होंगे। हनी ट्रैप के पीछे खड़े ब्यूरोक्रेट्स और नेताओं को मामले से बाहर रखने वाली पुलिस की पोल भी खुलेगी। विशेष कोर्ट ने अटकी प्रक्रिया तेज करते हुए शनिवार को मुख्य आरोपी समेत 8 पर आरोप तय कर दिए। अब केस की नियमित सुनवाई होगी।
विशेष न्यायाधीश डीपी मिश्रा ने आरोपी मोनिका उर्फ सीमा यादव, आरती दयाल, श्वेता स्वप्निल जैन, बरखा सोनी, श्वेता विजय जैन, रूपा अहिरवार, अभिषेक ठाकुर और ओमप्रकाश के खिलाफ आरोप तय किए। कोर्ट ने कहा, भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120बी/385, 120बी/389, 467, 468 और 471 के अपराध दिखता है। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपितों की वकील पूर्वी असाटी ने इसे मानने से इनकार कर दिया।

