MP के 26 जिलों में फैला लंपी, CM ने ली आपात बैठक
भोपाल. मध्यप्रदेश में लंपी वायरस गोवंश पर कहर बनकर टूटा है। मंगलवार को प्रदेश के 6 जिलों में जाकर ग्राउंड रिपोर्ट की। वहां के हालात सिहरन पैदा करने वाले थे। इस खबर के बाद ही बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। मुख्यमंत्री शिवराज ने अफसरों से कहा कि यह नहीं सोचना है कि लंपी गंभीर नहीं है, इसे बहुत गंभीरता से लेने की जरूरत है। जैसे हम कोविड के खिलाफ लड़े थे, वैसे ही गोवंश का जीवन बचाने के लिए हम इस लंपी वायरस से लड़ेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अफसरों ने जानकारी दी कि प्रदेश के 26 जिलों में 7686 गोवंश लंपी वायरस से प्रभावित हैं। 5432 गोवंश ठीक भी हो चुके हैं। अब तक 101 गोवंश की मौत हुई है। सबसे ज्यादा 17 गायों ने खंडवा में दम तोड़ा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के निर्देश पर लंपी वायरस पर कंट्रोल के लिए भोपाल में स्टेट लेवल का कंट्रोल रूम बनाया गया है। पशु पालक टोल फ्री नंबर 1962 और 0755-2767583 पर जानकारी दे सकते हैं। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मध्यप्रदेश फैलते लंपी वायरस पर चिंता जाहिर की। उन्होंने सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकार को गायों की नहीं, चीतों की चिंता है।
इन 26 जिलों के गोवंश की रिपोर्ट लंपी पॉजिटिव
रतलाम, नीमच, उज्जैन, मंदसौर, आगर मालवा, शाजापुर, खंडवा, इंदौर, झाबुआ, धार, बुरहानपुर, अलीराजपुर, खरगौन, बड़वानी, बैतूल, हरदा, राजगढ़, नर्मदापुरम, भिंड, मुरैना, श्योपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, गुना, अशोकनगर।

