MP कांग्रेस में बड़ा बदलाव, सालों से काबिज नेता को हटाया
भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों के बीच बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को पद से हटा दिया गया है। मध्यप्रदेश के किसान कांग्रेस प्रकोष्ठ में यह बदलाव किया गया है जिसके प्रदेश अध्यक्ष को हटाया गया है। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। एमपी किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गुर्जर को पद से हटा दिया गया है। वे लंबे समय से किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दिनेश गुर्जर को हटाकर अब धर्मेंद्र सिंह चौहान को किसान कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एआईसीसी के महासचिव के वेणुगोपाल ने धर्मेद्र सिंह चौहान को मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाने संबंधी पत्र जारी कर दिया है। चौहान के साथ ही किसान कांग्रेस के तीन अन्य प्रदेशों के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। एमपी के साथ ही छतीसगढ़, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा में भी किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। धर्मेद्र सिंह चौहान को दिनेश गुर्जर के स्थान पर किसान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुर्जर मुरैना से जब विधायक चुने गए थे तभी से ही किसान कांग्रेस में बदलाव की बात कही जाने लगी थी। दिनेश गुर्जर लंबे समय तक किसान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रहे।

