MP TET फर्जीवाड़े में परिवहन मंत्री राजपूत का कॉलेज ब्लैकलिस्ट
भोपाल. प्रोफेशनल एग्जामिनिशन बोर्ड (PEB) की मार्च 2022 में हुई प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में गड़बड़ी की बात आखिरकार बोर्ड ने भी मान ली है। बोर्ड ने इस मामले में परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सागर स्थित ज्ञानवीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस कॉलेज को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। PEB के चेयरमैन मलय श्रीवास्तव ने ये स्वीकार किया कि सागर के ज्ञानवीर इंस्टीट्यूट और ग्वालियर के सर्वधर्म महाविद्यालय को आगे कभी परीक्षा सेंटर नहीं बनाया जाएगा। PEB चेयरमैन ने बताया कि गड़बड़ी की रिपोर्ट एमपी नगर पुलिस को सौंप दी गई है। शुरुआती रिपोर्ट में इन दोनों कॉलेजों के अलावा 5 अभ्यर्थियों की भूमिका जांच के घेरे में है। जिसके बाद इनके खिलाफ भोपाल के एमपी नगर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है।
कैसे पकड़ में आई गड़बड़ी (स्क्रीनशॉट्स)
जिस वायरल पर्चे को स्क्रीनशॉट्स बताया जा रहा था, वो एग्जाम सेंटर के बाहर का है। लेकिन उसमें दिख रहे सवाल वहीं हैं, जो एग्जाम सेंटर के सिस्टम पर थे। सायबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि वायरल पर्चे के ऊपरी हिस्से में दिख रहे टॉप बार में ही ये सच छिपा है। गौर से देखने पर पता चलता है कि ये स्क्रीनशॉट एग्जाम सेंटर की मशीन का नहीं है। ये बाहर की मशीन का है, जिसमें एनीडेस्क जैसे किसी एप्लीकेशन का बार और नीचे विंडो टास्क बार भी डिस्प्ले हो रहा है। यदि ये एग्जाम सेंटर की मशीन का होता तो पेपर के अलावा उसमें कुछ नहीं दिखता।

