ग्वालियर – जिला चिकित्सालय मुरार परिसर में पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का शनिवार को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अनावरण किया। साथ ही स्व. सिंधिया की स्मृति में इस अवसर पर उन्होंने शमी का पौधा रोपा। कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी मौजूद थे।
प्रतिमा का अनावरण करने के बाद केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भावुक हो गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरे पूज्य पिताजी ने दल से ऊपर उठकर जन सेवा के दर्शन शास्त्र के आधार पर लोगों एवं क्षेत्र की सेवा का काम किया। उनका मानना था कि जीवन में कोई भी रास्ता चुनें, चाहे वह व्यवसाय हो, राजनीति हो या कोई अन्य काम। हमारे जीवन का लक्ष्य यह होना चाहिए कि हम कितने लोगों के जीवन में खुशियाँ ला सकते हैं।
मेरे पिताश्री मात्र 26 साल की आयु में सांसद बन गए थे और उन्होंने सेवा भाव के मिशन के साथ अपना जीवन जिया। उन्होंने विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी वे लोगों की सेवा से पीछे नहीं हटे। सन् 1980 में पैर में फ्रैक्चर होने से वे एम्स में भर्ती थे, तभी उन्हें पता चला कि क्षेत्र में बाढ़ आई है और लोग परेशान हैं। चिकित्सकों के मना करने के बाबजूद वे अपने वाहन में कंबल इत्यादि राहत सामग्री लेकर लोगों के बीच पहुँचे।
लोगों को भरोसा दिलाया कि ग्वालियर के उत्तरोत्तर विकास में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। ग्वालियर के विकास में एलीवेटेड रोड, नया एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन व अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम जैसे बड़े-बड़े आयाम जुड़े हैं। विकास की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी।