MP में पेंशनर्स को खुशखबरी, नगरीय निकाय के रिटायर्ड कर्मियों को 50 प्रतिशत की दर से मिलेगी महंगाई राहत
भोपाल. मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों के पेंशनरों को भी 50 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत मिलेगी। यह वृद्धि एक अक्टूबर 2024 से अन्य पेंशनरों की तरह दी गई है। छठवां वेतनमान प्राप्त पेंशनारों की महंगाई राहत दर 239 प्रतिशत रहेगी। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निर्देश पर विभागीय आयुक्त भरत यादव ने महंगाई राहत में वृद्धि के आदेश जारी किए है। प्रदेश में अब नगरीय निकायों के पेंशनरों को भी महंगाई राहत की दर में राज्य शासन के पेंशनरों के समान लाभ मिलेगा। यह आदेश मूल पेंशन व परिवार पेंशन, दोनों पर लागू होगा।
इससे पहले प्रदेशकर्मी पेंशनधारियों के लिए हो चुका है ऐलान
मध्य प्रदेश में चार लाख से अधिक पेंशनरों को अक्टूबर 2024 से 50 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरकार के प्रस्ताव पर प्रदेश सरकार ने सहमति दी है। छठे वेतनमान के पेंशनरों के लिए राहत दर 239 प्रतिशत होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार ने पेंशनरों के लिए महंगाई राहत बढ़ाने की मांग की थी, जिसे प्रदेश सरकार ने स्वीकार किया।

