स्वाधीनता की 73वीं कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
ग्वालियर भारतीय स्वाधीनता की 73वीं वर्षगाँठ सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी सादगी के साथ मनाई जायेगी। राज्य शासन द्वारा वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर जारी किए गए दिशा.निर्देशों का पालन करते हुए 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जायेगा। जिला मुख्यालय पर ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ी पर स्थित नवीन कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह 15 अगस्त को प्रात: 8.30 बजे ध्वजारोहण कर सलामी लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल से प्रसारित माननीय मुख्यमंत्री का संबोधन (लाईव टेलीकास्ट) सुनने के लिये जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष एवं पुराने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण स्वतंत्रता दिवस पर प्रात: 9 बजे इलेक्ट्रोनिक मीडिया के विभिन्न क्षेत्रीय चैनलों पर होगा।
सार्वजनिक समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे
वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से इस बार स्वतंत्रता दिवस पर सार्वजनकि कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं होंगे। विभिन्न शासकीय, अशासकीय कार्यालयों व संस्थाओं में ध्वजारोहण के दौरान कोरोना गाइडलाईन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर हैण्ड सेनेटाइजर व मास्क का उपयोग एवं शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखने के लिये कहा गया है।
मोतीमहल में संभाग आयुक्त श्री ओझा फहरायेंगे राष्ट्रध्वज
मोतीमहल परिसर में संभाग आयुक्त एमबी ओझा प्रात: 7.45 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। इसी तरह पड़ाव स्थित जनसंपर्क विभाग के सूचना केन्द्र पर अपर संचालक स्वतंत्रता दिवस पर प्रातरूकाल 7.30 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
जगह.जगह फहराया जायेगा राष्ट्रीय ध्वज
स्वतंत्रता दिवस पर जिले भर में जगह.जगह पूरी शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराएगा। इस दिन नगर निगम, जिला पंचायत सहित जिले की सभी जनपद पंचायतों व नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक स्वतंत्रता की वर्षगाँठ मनाई जायेगी। इसी तरह सभी शासकीय अर्द्धशासकीय भवनों पर कार्यालय प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा तथा “राष्ट्रगान” का सामूहिक गायन किया जायेगा। सार्वजनिक इमारतों पर रोशनी भी की जायेगी।

