पीएम आवास योजना में दलाल सक्रिय, 30 हजार दो, दिला देंगे पीएम आवास
ग्वालियर. नगर निगम के जनमित्र केंद्रों और भवन शाखा में दलाली के मामले सामने आने के बाद अब पीएम आवास योजना में भी दलाल सक्रिय हो गए हैं। आवास योजना में जिन हितग्राहियों का चयन हो चुका है, अब ये दलाल उनसे संपर्क कर बोल रहे हैं कि उनके जरिए ही मकान का आवंटन हो पाया है। ऐसे हितग्राहियों से 25 से 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। पैसा न मिलने पर आवंटन निरस्त कराने से लेकर परेशान करने की धमकी दी जा रही है। ऐसे ही कुछ हितग्राहियों के पास निगम में सक्रिय दलाल 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि हितग्राहियों को मलिन बस्ती योजना के तहत आवास मिला है। हितग्राहियों ने इसकी शिकायत नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल से की है।
हितग्राहियों से 30-30 हजार रुपए की मांग की गई
नगर निगम द्वारा हाल ही में मलिन बस्ती में रहने वाले लोगों को मानपुर में वन बीएचके फ्लैटों का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया है। इसके अलावा गैर मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को लाटरी सिस्टम के माध्यम से आवंटन किया गया है। जिन लोगों का चयन आवंटन या लाटरी के लिए किया गया था, उसकी सूची बाकायदा निगम मुख्यालय की पहली मंजिल पर चस्पा की गई थी। इसी का फायदा दलालों ने उठाना शुरू किया और हितग्राहियों को झांसे में लेकर आवंटन सुनिश्चित कराने का वादा किया। ऐसे हितग्राहियों से 30-30 हजार रुपए की मांग की गई। निगम के ही एक पूर्व आउटसोर्स कर्मचारी रामसिंह भदौरिया ने एक दर्जन से अधिक लोगों को भरोसा दिलाया कि आवंटन हो जाएगा, जबकि उन हितग्राहियों का पहले ही चयन हो गया था। आवंटन के बाद रामसिंह भदौरिया इन हितग्राहियों के घर पहुंचकर पैसे की मांग कर रहा है। पैसा न देने पर आवंटन निरस्त करने की धमकी दी जा रही है। ऐसे ही एक हितग्राही ब्रजेश भसनेरिया के घर पर रामसिंह भदौरिया गत रविवार को पहुंचा और पैसे मांगने लगा। जब परिवार ने पैसा देने से मना किया, तो वह बहस करने लगा। ब्रजेश के भाई ने इसका एक वीडियो भी बनाया है। रामसिंह का कहना था कि चार लोग जल्द ही अपने मकान सरेंडर करने जा रहे हैं, जिन्हें वह दिलवा सकता है।

